|
बीकानेर. जयपुर मंडल में आठवीं बोर्ड की परीक्षाएं इस शिक्षा सत्र में राजस्थान पाठ्य पुस्तक मंडल के माध्यम (आरएसटीबी) से होंगी। जयपुर में पिछले दिनों हुई उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2008 की जयपुर मंडल के जयपुर, सीकर, दौसा, अलवर में 8वीं बोर्ड की परीक्षाओं के लिए आरएसटीबी को परीक्षा नियंत्रक बनाया गया है। इसके साथ ही उपनिदेशक परीक्षा, उपनिदेशक गोपनीय एवं जिला शिक्षा अधिकारी स्तर का एक उपनिदेशक (कनिष्ठ) भी लगाया जाएगा। आरएसटीबी को राज्य से बाहर की फर्म से बिना टैंडर ही प्रश्न-पत्र छपवाने की छूट भी दी गई है।
सूत्रों ने बताया कि आरएसटीबी और डाइट के माध्यम से होने वाली 8वीं बोर्ड परीक्षाओं की अगले वर्ष तुलनात्मक समीक्षा भी होगी। उसी आधार पर यह तय किया जाएगा कि अगले वर्ष यह कार्य किससे करवाया जाए। परीक्षा का संचालन ठीक तरीके से करने पर पूरे राज्य में 8वीं बोर्ड का काम आरएसटीबी को सौंप दिया जाएगा। आरएसटीबी से कहा गया है कि वह शीघ्र ही अपनी शाषी परिषद से इस कार्य का अनुमोदन करवाए।
गौरतलब है कि तीन सितंबर को जयपुर में इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक हुई थी, जिसमें इस निर्णय पर सहमति व्यक्त की गई थी। बैठक में प्रारंभिक शिक्षा आयुक्त जे.पी.चंदेलिया के अलावा जयपुर मंडल के डाइट प्राचार्य भी मौजूद थे। बैठक की कार्रवाई रिपोर्ट शुक्रवार को आयुक्तालय पहुंची।
डाइट में टैंडर से होता है काम
राज्य की डाइट में 8वीं बोर्ड परीक्षा का काम प्रधानाचार्य तथा प्रभारी व्याख्याता को अपने कार्य के साथ ही अतिरिक्त प्रभार के रूप में सरकारी नियमानुसार टैंडर के माध्यम से करना पड़ता है, जबकि आरएसटीबी को बिना टैंडर ही प्रश्न-पत्र छपवाने की छूट दी गई है।
आयुक्तालय ने लिखा सरकार को पत्र
प्रारंभिक शिक्षा आयुक्तालय ने इस निर्णय के संदर्भ में राज्य सरकार को पत्र लिखा है कि वर्ष 2007-08 की 8वीं बोर्ड परीक्षा का कैलंडर जारी हो चुका है। राज्य सरकार ने ही इस कैलंडर का अनुमोदन किया था। इस दृष्टि से 8वीं बोर्ड परीक्षा इस सत्र में डाइट के माध्यम से ही करवाना उचित होगा।
आंदोलन की तैयारी
8वीं बोर्ड का काम पाठ्य पुस्तक मंडल को देने के विरोध में शिक्षा आयुक्तालय के कर्मचारियों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। कर्मचारी नेता अविनाश व्यास, रामकिशन देवाला, राधेश्याम पुरोहित, शिक्षा विभागीय कर्मचारी कल्याण मंच के प्रदेशाध्यक्ष शिव कुमार आचार्य सहित अन्य कर्मचारियों ने शुक्रवार को आयुक्तालय में बैठक आयोजित कर आंदोलन की रूपरेखा पर विचार-विमर्श किया। आचार्य ने बताया कि शीघ्र ही पेनडाउन हड़ताल का निर्णय लिया जाएगा।
राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ महामंत्री महेन्द्र पांडे ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि आयुक्त अपने आयुक्तालय में ही काम को नहीं रोक पा रहे हैं। यह सरकार की हठधर्मिता की पराकाष्ठा है।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (जैन) के जिलाध्यक्ष राजेश व्यास ने भी शिक्षा आयुक्त को ज्ञापन देकर 8वीं बोर्ड परीक्षा का काम पाठ्य पुस्तक मंडल को देने का विरोध किया है।