bhaskar Web English
HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

पूरे शहर में चल रहा सट्टा

भोपाल. ट्वेंटी-ट्वेंटी विश्वकप क्या हुआ सटोरियों की चांदी हो गई। क्रिकेट के सट्टे ने एक बार फिर शहर को गिरफ्त में ले लिया है। बैरागढ़ से लेकर कोलार रोड तक सटोरिए क्रिकेट मैचों पर खुलेआम सट्टे के दाव लगा रहे हैं। यह पुलिस को छोड़कर बाकी सबको मालूम है। भारत-पाकिस्तान मैच के बाद इसमें और तेजी आ गई है।

भाव ऊपर-नीचे हुए:
बीती रात जब भारत-पाक का मैच टाई हुआ तो बड़े पैमाने पर दाव लगाने वाले लोग बुकीज से पैसा वापस मांग रहे थे। करीब 10 मिनट तक इसको लेकर ऊहापोह की स्थिति रही। इससे बुकीज को बड़ा घाटा होना था। बाद में ‘बाल आउट’ की बात आने पर स्थिति स्पष्ट हुई।

शुरुआत में सटोरियों ने पाक को एक रुपए पर 70 पैसे का भाव दिया था। आखिरी 10 ओवर में भारत को मजबूत मानते हुए 65 पैसे और पाक को 75 पैसे का भाव दिया गया।

ठिकाने:
बैरागढ़, कोहेफिजा, ईदगाह हिल, चौक बाजार, न्यूमार्केट, 10 नंबर और कोलार रोड पर सटोरियों के ठिकाने हैं, पर पुलिस अनजान है।

सट्टे के नंबर का समय
शहर में दोपहर तीन बजे, शाम पांच बजे कल्याण के सट्टे का नंबर आता है और रात नौ बजे और 12 बजे मुंबई से यह नंबर खुलता है। सट्टा कहां लगता है, इसके ठिकानों की जानकारी निचले स्तर के पुलिसकर्मियों को रहती है। शहर में पुलिस बड़े सटोरियों-बुकीज को भी नहीं पकड़ पाई है।

पहले भी नाकाम रही थी पुलिस:
क्रिकेट वल्र्डकप में बड़े पैमाने पर सट्टा हुआ था और बड़े बुकीज शहर छोड़कर आसपास के नगरों से इस काम को अंजाम देते रहे थे। उस वक्त पुलिस क्रिकेट सट्टे के एक भी मामले को उजागर नहीं कर पाई थी।

कल्याण-मुंबई के सट्टे का भी असर:
राजधानी में नियमित रूप से कल्याण और मुंबई का सट्टा खिलाया जा रहा है। शहर के कुछ थाना क्षेत्रों में तो यह राजनीतिक संरक्षण में चल रहा है। जिला पुलिस के आला अफसरों को भी इसकी जानकारी है, लेकिन वे सटोरियों पर हाथ डालने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे। पिछले दिनों थाना पुलिस ने एक सटोरिए पर नजर रखी तो सत्ताधारी दल से जुड़े नेता ने खास हंगामा किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: