bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

वसुंधरा के लिए गुर्जरों की भाषा बर्दाश्त नहीं

जयपुर. भाजपा ने गुर्जर समाज को चेतावनी दी है कि गुर्जर महापंचायतों में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ अशिष्ट भाषा के इस्तेमाल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी ने इसे बेहद शर्मनाक बताया कि धौलपुर महापंचायत में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ जब अशिष्ट शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा था तो हजारों लोगों की भीड़ में इसे रोकने के लिए एक आवाज तक नहीं उठी।

गुर्जर आरक्षण आंदोलन को लेकर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद्र शर्मा के तेवर शनिवार को काफी आक्रामक थे। उन्होंने गुर्जर समाज पर समझौते के उल्लंघन का आरोप जड़ते हुए कहा कि यह आंदोलन गलत हाथों में चला गया है। एक तो सरकार ने अकेले गुर्जरों के लिए चोपड़ा समिति गठित करके बाकी जातियों की नाराजगी मोल ली और अब मुख्यमंत्री के बारे में अश्लील भाषा का प्रयोग किया जा रहा है।

शर्मा ने सवाल उठाया कि हेलीकॉप्टरों और कारों के काफिलों का इस्तेमाल करने वाला समाज क्या आरक्षण का हकदार है। तीन महीनों में हुई इतनी महापंचायतों पर खर्च हुआ करोड़ों रुपया कहां से आ रहा है।

शर्मा ने कहा, राजस्थान के भोले और शिक्षा से वंचित गुर्जर समाज को बाहरी लोग पैसे के बल पर हांक रहे हैं। शर्मा ने 2 अक्टूबर से प्रस्तावित जेल भरो आंदोलन को वापस लेने का आग्रह करते हुए कहा कि जेलें भरने, पटरियां उखाड़ने और थानों को जलाने से आरक्षण नहीं मिलेगा। आरक्षण का लाभ तो तार्किक ढंग से संवैधानिक प्रक्रिया अपनाने से ही मिल सकता है।

शर्मा ने कहा कि चौपड़ा समिति की रिपोर्ट को दिल्ली भेजने के अलावा राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं है। सरकार गुर्जरों को अनुसूचित जनजाति में शामिल करने का वचन नहीं दे सकती। कोई सरकार ऐसा करेगी तो गलत करेगी, क्योंकि यह केंद्र के अधिकार क्षेत्र का मामला है।

कांग्रेस पर साधा निशाना
शर्मा कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि गुर्जर आरक्षण पर कांग्रेस अपना स्टैंड साफ करे। कांग्रेस अभी घोषणा करे कि वह विधानसभा चुनाव जीतने पर गुर्जर समाज को अनुसूचित जनजाति में शामिल कर लेगी।

अपनी पार्टी को भी दी नसीहत
शर्मा ने गुर्जर-मीणा, जाट-राजपूत, मेव-सिख, आदिवासी-जैन जैसे टकरावों पर कहा कि सभी दलों के नेता जातीय मंचों का खुलकर इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने नसीहत दी कि इस मामले में भाजपा और कांग्रेस दोनों को अपने स्वास्थ्य की चिंता करनी चाहिए।

पार्टी में अंतर्कलह से इनकार
प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी में मची अंतर्कलह से इनकार करते हुए कहा कि मीडिया बयानों को प्रसंग और संदर्भ से काटकर छाप रहा है। उन्होंने कहा कि जब कभी पुष्टि की जाती है तो पार्टी कार्यकर्ता बयानों से इनकार कर देते हैं।

सब करते हैं, इसलिए मैं भी करता हूं
शर्मा ने संकेत दिया कि वे राज्यसभा सांसद कृष्ण वाल्मीकि के सरकारी मकान को खाली नहीं करेंगे। उन्होंने खुद को यह कहते हुए बेकुसूर बताया कि ऐसा तो सभी दलों के नेता करते हैं।

गुर्जरों का जवाब * अपशब्द बोलने वालों के साथ तो मंत्री नाश्ता कर रहे थे
मुख्यमंत्री के बारे में अपशब्दों का प्रयोग हम नहीं, उन्हीं के लोग कर रहे थे। सार्वजनिक निर्माण मंत्री राजेन्द्रसिंह राठौड़ धौलपुर सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री के लिए अपशब्द बोलने वालों के साथ ब्रेकफास्ट कर रहे थे। जहां तक हैलीकॉप्टरों और महापंचायतों में खर्च होने वाले पैसे की बात है तो बाहर के लोग ये सब कर रहे हैं। हैलीकॉप्टरों को अनुमति तो सरकार देती है, सरकार इन्हें रोके। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष का बयान आश्चर्यजनक है। हो सकता है ये सब प्रदेशाध्यक्ष ही करवा रहे हों। या धौलपुर में अपशब्द बोलने वालों को इन्होंने ही प्लांट किया हो।
- कर्नल किरोड़ीसिंह बैसला संयोजक गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति

* अश्लील भाषा की शुरुआत किसने की, सीएम से पूछें
हमने अश्लील भाषा का प्रयोग नहीं किया। राजनीति में अश्लील भाषा की परंपरा किसने शुरू की यह पहले मुख्यमंत्री से पूछें। चूड़ियां-मूछों जैसे जुमलों और खंडहरों जैसे शब्दों का इस्तेमाल किसने किया। चिताओं पर राजनीति करने वालों की चिंता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष न करें, बल्कि चिता बिछाने वालों के बारे में सोचें। यदि आज भी गोलीकांड की न्यायिक जांच कराई जाए तो मुख्यमंत्री को जेल जाने से कोई नहीं बचा सकता। समझौते का उल्लंघन गुर्जरों ने नहीं बल्कि सरकार ने किया है।
-प्रहलाद गुंजल, विधायक रामगंज मंडी

जेसी वर्मा आयोग और सच्चर कमेटी की रिपोर्टे भी तो तय समय से पहले आई हैं फिर चोपड़ा कमेटी की रिपोर्ट क्यों नहीं आई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: