जयपुर. जयपुर में अगले तीन साल में करीब दो हजार करोड़ का इंवेस्टमेंट अकेले होटल व्यवसाय में होगा। अमेरिका और यूरोपीय देशों केकई नामी होटल ग्रुपों के
साथ यहां करीब 20 नए होटल शुरू होने वाले हैं। कार्लसन, मेरीएट, हयात, रेडिसन, रमादा जैसे ग्रुप यहां पहुंच चुके हैं। इस उद्योग में अब ज्वैलर्स सबसे ज्यादा रुचि ले रहे हैं। शहर के एक दर्जन ज्वैलर और बिल्डर्स नामी होटल ग्रुपों के साथ जुड़कर चार और पांच सितारा होटल बना रहे हैं।
राजापार्क में रमादा होटल तैयार हो चुका है। अगले दो-तीन महीने में इसके शुरू होने की संभावना है। रेडिसन ग्रुप का जवाहर सर्किल पर होटल लाने की योजना अंतिम चरण में है।
जयपुर में नए होटल आने से करीब 2500 नए कमरे मिल जाएंगे। साथ ही करीब 12 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। एक अनुमान के मुताबिक पांच सितारा होटल में एक कमरे पर पांच जनों को रोजगार मिलता है। दूसरा फायदा पर्यटकों को मिलेगा। अब तक शहर में पांच सितारा होटल में एक कमरा न्यूनतम करीब 250 डॉलर (यानी 10 हजार रुपए) तक मिलता है। बड़ी संख्या में होटल के आने से यह दर घटकर 150 डॉलर (यानी 6 हजार रुपए) तक पहुंचने की संभावना है।
वर्तमान में इस श्रेणी के होटल कम होने से कमरों व बैठक हॉल की बड़ी समस्या है। इसके आने से कॉन्फ्रेंस व कॉर्पेट टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। जयपुर के ऑल ईयर डेस्टिनेशन बनने से भी इन लोगों ने हॉस्पिटेलिटी इंस्डस्ट्री में तेजी से कदम बढ़ाए हैं। राज्य सरकार की नई होटल पॉलिसी से भी इस उद्योग में निवेश करने वालों की संख्या बढ़ी है। इंडियन हैरिटेज होटल्स एसोसिएशन के सचिव रणधीर विक्रम सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में होटल आने से टेक्सटाइल्स, हैंडीक्रॉफ्ट, ज्वैलरी का बिजनेस बढ़ेगा। अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं भी बढ़ेंगी।
एक साल में छह गुणा इजाफा
2005-06 में 109 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट मंजूरी के लिए आए थे। मार्च 2007 तक यह संख्या 610 करोड़ रुपए हो गई। इसमें अकेले जयपुर और आसपास के लिए 30 फीसदी प्रोजेक्ट हैं। पर्यटन विभाग की अतिरिक्त निदेशक उर्मिला राजोरिया ने बताया कि बीते साल में होटल के 80 प्रोजेक्ट आए हैं। इनमें अकेले जयपुर में जेडीए ने 7-8 प्रोजेक्ट मंजूर हो चुके हैं। दूसरे जिलों में इसे कलेक्टर मंजूरी दे रहे हैं।
बड़े प्रोजेक्ट
होटल उद्योग से जुड़े उद्यमियों के जयपुर सहित राज्यभर में कई बड़े प्रोजक्ट शुरू करने की योजना हैं। इनमें हैल्थ रिसोर्ट भी शामिल हैं। गोयल ग्रुप राज्य में 3 होटल लाने वाला है। ग्रुप के सीएमडी मुकंद गोयल के मुताबिक जयपुर मेरिएट ग्रुप की फाइव स्टार दर्जे की होटल पर जल्दी काम शुरूहोगा। उदयपुर में होटल हयात और पुष्कर में कार्लसन ग्रुप की होटल लाएंगे। कुछ हैल्थ रिसोर्ट की प्लानिंग भी कर रहे हैं। पुष्कर में इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि वे ज्वैलर थे। डंगायच ग्रुप ने होटल पार्क प्लाजा से शुरुआत करते हुए हॉस्पिटेलिटी इंडस्ट्री में कदम बढ़ाया था।
ग्रुप के एमडी हरिमोहन ने बताया कि राजापार्क रमादा होटल तैयार हो चुका है। अब जवाहर सर्किल पर ‘रेडिसन’ की तैयारी है। चौमू फोर्ट पर कंजर्वेशन वर्क चल रहा है। यहां हेरिटेज होटल डवलप करने की प्लानिंग भी चल रही है। कुछ साल पहले रियल स्टेट से आगे कदम बढ़ाने बरड़िया कारपरेशन गौरव टावर पर डोमेस्टिक टूरिस्ट के बढ़ते रुझान देखते हुए हॉस्पिटेलिटी इंडस्ट्री में कदम बढ़ाए हैं।
बरड़िया कॉपरेरेशन के चेयरमैन राजेंद्र बरड़िया ने बताया कि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास अपनी लंड पर एक फाइव स्टार होटल बनाने की तैयारी चल रही है। टोंक रोड पर चोखी ढाणी पर एक रिसोर्ट और होटल के लिए जमीन ली हैं। गौरव टावर के सामने जल्दी फाइव स्टार होटल बनाएंगे। असल ग्रुप की दिल्ली रोड पर अचरोल के पास 8 बीघा जमीन पर जल्द एक पांच सितारा होटल बनेगी।
ग्रुप के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर आरसी रुंगटा ने बताया कि ग्रुप ने अजमेर और किशनगढ़ के बीच और जोधपुर में रायकाबाग पैलेस को भी हेरिटेज होटल के रूप में बदलने का फैसला किया है।