bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

शहर में कराए जाएंगे 12 बड़े बोर

ग्वालियर. अल्प वर्षा के कारण निर्मित हुए सूखे के हालात से निपटने के लिए नगर निगम ने पेयजलापूर्ति की योजना बनाना शुरू कर दी है। इस बार पानी के परिवहन के साथ शहर में 12 नए बड़े व गहरे नलकूपों का खनन भी किया जाएगा।

निगमायुक्त डा. पवन शर्मा ने गर्मियों में होने वाले पेयजल संकट के मद्देनजर जलप्रदाय शाखा को अभी से पेयजल आपूर्ति के लिए योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। निगमायुक्त ने कहा है कि शहर में 12 नए बड़े आठ से दस इंच के नलकूपों का खनन कराया जाए।

पिछले साल भी इन नलकूपों का खनन कराने की स्वीकृति दी गई थी और नगर निगम ने इसके लिए टेंडर भी कॉल किए थे परंतु किसी ठेकेदार द्वारा इस कार्य में रुचि नहीं लेने के कारण इनका खनन नहीं हो पाया था।

इस बार निगमायुक्त ने निर्देश दिए हैं कि नलकूपों के खनन के पीक समय गर्मियों से पहले इनका खनन करा लिया जाए। इसके अलावा निगम के सामने सबसे बड़ी समस्या लश्कर पश्चिम क्षेत्र के पेयजल संकट से निपटने की है यहां का भू जलस्तर काफी नीचे चले जाने की वजह से नलकूप असफल रहने का प्रतिशत सामान्य से ज्यादा है। निगम अधिकारियों का कहना है इस बार पार्षदों के दबाव में उनकी मनपसंद जगह नलकूपों का खनन कराने की बजाय पूर्ण सर्वे कराने के बाद ही नलकूप खनन कराया जाएगा।

पेयजल आपूर्ति की योजना में पानी के परिवहन पर विशेष रूप से विचार किया जा रहा है। इसमें सौ टैंकरों को किराए पर लिए जाने का प्रस्ताव है। जबकि निगम के पास खुद के 18 टैंकर हैं। जिन क्षेत्रों में नलकूपों का खनन संभव नहीं होगा उन क्षेत्रों में टैंकरों से पानी की आपूर्ति की जाएगी।

ये क्षेत्र लश्कर पश्चिम के अवाड़पुरा, गुढ़ा, सिकंदर कम्पू व गोलपहाड़िया हैं। इन टैंकरों को भरने के लिए नगर निगम के पास वर्तमान में 26 हाईडेंट हैं। इनकी संख्या गर्मियों तक और बढ़ाई जाएगी।

>> वर्तमान में शहर में 1050 नलकूप हैं, इनके अलावा 12 बड़े नलकूपों का और खनन कराया जाएगा, पानी के परिवहन के लिए भी जल्द ही टेंडर काल किए जाएंगे।
केके श्रीवास्तव, प्रभारी जल प्रदाय शाखा





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: