News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. एमसीआई (मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया) से पीजी कोर्सो की मान्यता बहाली को लेकर हड़ताल कर रहे जूनियर डाक्टरों ने शनिवार को जेएएच की ओपीडी नहीं चलने दी। कैम्पस में खुले मेडिकल स्टोर को भी नाराज डाक्टरों ने बंद करा दिया।
जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के बैनर तले 11 सितंबर से जेएएच में हड़ताल चल रही है। बड़ी संख्या में मरीज तो हड़ताल के चलते घर चले गए हैं। गंभीर रूप से बीमार मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या भी कम हो चुकी है। मरीजों को अस्पताल से दवाएं तक नहीं मिल रही है।
हालांकि जेएएच प्रशासन इसके पीछे छुट्टी व अन्य कारण बता रहा है। कैजुअल्टी व ब्लड बैंक को हड़ताल से दूर रखा गया। वहां पहुंचने वाले मरीजों का इलाज किया गया। सिर में चोट लगने का एक मामला आने पर जूनियर डाक्टरों ने उस मरीज की मदद की। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।
आज 11.30 बजे तीन सौ जूनियर डाक्टर कैम्पस में एकत्रित हुए और वहां से रैली शुरू की। रैली हुजरात कोतवाली होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची। तीसरे शनिवार का अवकाश होने के कारण कलेक्टर राकेश श्रीवास्तव के कार्यालय में नहीं मिलने पर ज्ञापन को चस्पा कर दिया।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डा.दीपक यादव ने बताया कि कलेक्टर से उनके निवास पर मुलाकात हो गई है। साथ ही मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान से 18 सितंबर व इससे पहले मंत्री चिकित्सा शिक्षा गौरीशंकर शैजवार से 17 सितंबर को भोपाल में बातचीत होगी।
उधर जेएएच समूह के संयुक्त संचालक व अधीक्षक डा.पीसी महाजन ने बताया कि शनिवार को 115 मरीजों की ओपीडी रही। ओपीडी 11 बजे बंद कराने के बाद कैजुअल्टी में मरीजों को देखा गया। अवकाश व त्योहार होने से मरीज कम संख्या में ओपीडी पहुंचे। हड़ताल पर नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ी तो ग्वालियर के अलावा अन्य जिलों के चिकित्सक भी बुलवाए जाएंगे।
जेएएच कैम्पस में हवन आज
जूनियर डाक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डा.दीपक यादव ने बताया कि रविवार को शांतिपूर्ण तरीके से जेएएच कैम्पस में हवन किया जाएगा। प्रात: 11 बजे से शुरू होने वाले हवन में जूनियर डाक्टर अपनी-अपनी डिग्रियां (फोटो कापी) डालेंगे। हड़ताल तब तक जारी रहेगी, जब तक ठोस निर्णय नहीं हो जाती है।