पुष्कर. नाबालिग लड़की को भगा कर दिल्ली ले जाने और वहां एक कमरे में बंधक बना कर तीन दिन तक ज्यादती के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार
कर लिया। उसे शनिवार को अदालत ने एक दिन के रिमांड पर सौंप दिया। युवक बिहार का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार देवनगर रोड स्थित रतनलाल के मकान में किरायेदार बिहार के पुनिया जिले के कुमेंखां निवासी रिजवान उर्फ फरे मोहम्मद (21) 31 अगस्त को एक बालिका को बहला-फुसला कर दिल्ली ले गया। वहां उसने कमरा किराए पर लिया और उसे बंधक बनाकर उसने तीन दिन तक ज्यादती की। पुलिस ने बालिका के भाई की रिपोर्ट पर आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने पीड़िता को तो घटना के सात दिनों बाद बरामद कर लिया, लेकिन आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने पीड़िता के मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 164 के कलमबद्ध बयान कराए। पुलिस ने बाद में दुराचारी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। उसे शनिवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित को एक दिन के रिमांड पर सौंप दिया।
सिलाई का काम करता है
आरोपी मूलत: बिहार का रहने वाला है। वह यहां करीब चार-पांच साल से किराए के मकान में रह रहा है। वह सिलाई का काम करता है।
डॉक्टरी से इंकार
पुलिस आज पीड़िता को डॉक्टरी मुआयना कराने के लिए जेएलएन चिकित्सालय ले गई, लेकिन उसने जांच से इनकार कर दिया। नतीजतन डॉक्टर ने भी इच्छा के बगैर मेडिकल मुआयना करने से मना कर दिया।
शादी करने को तैयार
आरोपी रिजवान की बात माने तो वे दोनों रजामंदी से भागे थे। रिजवान ने पुलिस को बताया कि वह उससे शादी करने के लिए तैयार है।