bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

तेल के खेल में गई नौकरी

बिलासपुर. 29 अगस्त को तारबाहर गुरुघासीदास नगर वासियों व आरपीएफ जवानों के बीच तेल चोरी के विवाद को लेकर हुए संघर्ष के बाद अब इस मामले में एक जवान को बर्खास्त कर दिया गया है। पूर्व में इसी घटनाक्रम के चलते एक प्रधान आरक्षक को निलंबित भी किया जा चुका है।

आरपीएफ कमांडेंट आरएस डामोर ने 13 सितंबर को जवान एसके महतो को बर्खास्त कर दिया है। बर्खास्तगी का कारण लगातार मिल रही शिकायतें, तेल चोरों से सांठ-गांठ और फोर्स की हो रही बदनामी को लगाया गया है। आने वाले दिनों में कुछ और जवान पर भी इस तरह की कार्रवाई होने की संभावना है। रेलवे के विभागीय जांच में इस तरह के कई और नाम सामने आए हैं, जिन पर कार्रवाई की गाज कभी भी गिर सकती है।

तारबाहर स्थित आयल डिपो में पिछले कई वषों से तेल चोरी का खेल चल रहा है। इसे लेकर आरपीएफ व तारबाहर पुलिस पर भी आरोप लगते रहे हैं। इसका परिणाम 29 अगस्त की रात सामने भी आया। तेल की चोरी के खेल को ही इस दिन हुए संघर्ष के पीछे का कारण बताया जा रहा है। 29 अगस्त को तारबाहर निवासियों व आरपीएफ जवानों के बीच जमकर संघर्ष हुआ था।

मोहल्ले की गुस्साई महिलाओं ने जवानों पर पथराव भी किया। वहीं इसके पहले मुल्तान व उसके कुछ साथियों के साथ कुछ आरपीएफ जवानों का विवाद हुआ था और मामला हाथापाई तक पहुंच गया था।

इसके बाद ही आरपीएफ जवान मोहल्ले में घुस गए और वहां संघर्ष की स्थिति बनी थी। मामला इतना गंभीर हो गया था कि पुलिस फोर्स समेत पुलिस महकमे के सारे आलाअधिकारी घटनास्थल पहुंचे थे। आरपीएफ के 6 जवान पोस्ट प्रभारी समेत घायल हुए थे। वहीं तारबाहर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मारपीट व बलवा का मामला कायम किया है।

अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। आरपीएफ फोर्स के आलाअधिकारियों ने इस मामले को गंभीरता से लिया और घटना के दूसरे ही दिन प्रधान आरक्षक बी सिंह को निलंबित भी किया गया था। आयल चोरी के मामले में सबसे ज्यादा आरोप आरपीएफ जवानों पर ही लगते रहे हैं और इनकी भूमिका भी हमेशा ही संदिग्ध रही है। इन परिस्थितियों को देखते हुए ही फोर्स में कड़ी कार्रवाई का सिलसिला प्रारंभ हो गया नजर आता है।

>> पुरानी शिकायतों और तेल चोरी के लग रहे आरोप के चलते फोर्स के एक जवान को बर्खास्त किया गया है और विभागीय जांच पूरी होने के बाद आगे और कार्रवाई हो सकती है।
आरएस डामोर कमांडेंट आरपीएफ





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: