बीकानेर. राजा हसन उर्फ राजा हिन्दुस्तानी मतलब गायक दूल्हा। ऐसे ही संबोधनों से पुकारे गए राजा हसन ने दूल्हा बनकर जब जीटीवी के सारेगामापा के शनिवार
को टेलीकास्ट हुए एपीसोड में एंट्री ली तो गेस्ट और जजेज मानो बोल उठे, यही है विजयी दूल्हा जो जीत रूपी दुल्हन ले जाएगा। गुरुओं का कहना था, राजा जब तुम अपनी बेस्ट परफोरमेंस दोगे तो मंच हिल जाएगा।
बीकानेर के लाड़ले राजा हसन ने जुम्मे को की गई हिमेश रेशमिया की टिप्पणियों को पीछे धकेलते हुए अपने सुरों को जब आगे बढ़ाया तो जज के रूप में मौजूद बप्पी लाहिड़ी राजा को ही नहीं बल्कि उसके गुरुओं विशाल-शेखर को भी सराहे बिना नहीं रहे। उन्होंने राजा की गायकी को आला दर्जे की बताते हुए उसके गाए गीत ‘हीरिये सेहरा बांध के मैं तो आया रे, डोली बारात भी साथ में लाया रे’ का अंतरा ‘आ कह दे जमाने से तू मेरे इश्क की है दास्तां ओ जानिया कह दे बहाने से..’ प्रस्तुति को श्रेष्ठतम बताया।
राजा ने गीत को विश्राम देते हुए जब अलहदा अंदाज में सुर साधे ‘ए .. आ’ तो कार्यक्रम में मौजूद उसकी अम्मी समेत परिजन और दर्शक भी झूम उठे। देर तक गूंजी तालियों के बीच खास मेहमान तुषार कपूर, राजपाल यादव, कुणाल ने उसे ‘कांग्रेच्यूलेशन’ कहने में जरा भी इंतजार नहीं किया।
इस्माइल दरबार ने इस मंच से राजस्थान के वैलकम सांग को दुनियाभर में गूंजा देने वाले बीकानेरी राजा को बहुत अच्छा सिंगर बताया। विशाल-शेखर ने तो उसकी तारीफ ऐसे अल्फाज में की मानो कह रहे हों उन्हें मंच हिला देने वाली राजा की बेस्ट परफोरमेंस का इंतजार है जो वह निश्चित रूप से फाइनल में पहुंचकर देगा। हिमेश ने भी राजा के फाइनल में पहुंचने की अपनी आशाओं से अवगत करवाते हुए राजा को सराहा तो एंकर आदित्य नारायण ने अपने प्रिय गायक राजा हिन्दुस्तानी के पक्ष में अधिक से अधिक एसएमएस करने की अपील की।
यहां शहरभर में सांसें थामे और टीवी पर नजरें गड़ाए बैठे संगीत रसिकों ने भी राजा की परफोरमेंस को दिल खोलकर दाद दी। उसके पक्ष में खूब एसएमएस किए तो ऐसे संदेश भी अपने यार-दोस्तों और नाते रिश्तेदारों को भेजे जिनमें ‘अपने राजा’ को इस सप्ताह पांचों प्रतिभागियों में नंबर वन पोजीशन पर लाने के लिए सोमवार की सुबह तक खूब एसएमएस करने का अनुरोध किया।
राजा को दूल्हे के रूप में टीवी पर देखने के बाद लोगों ने ठान लिया लगता है कि उसे ही विजेता बनाना है, इसीलिए देररात तक उसके लिए खूब एसएमएस भेजने का दौर जारी रहा।
संबंधित खबरें
* राजा को सुन याद आईं जाई मां
* 'राजा ने साबित किया, अब जिम्मेवारी हमारी'
* 'राजा तूने झंडे गाड़ दिए'
* राजा पर फिदा हुए पंजाबी
* राजा के स्वर में गूंजेगा 'वंदेमातरम्'