कोटा. कुन्हाड़ी क्षेत्र में पिछले लंबे समय से चल रहा दो गुटों में विवाद उस समय और अधिक बढ़ गया जब शनिवार को गणेश प्रतिमा स्थापना के जुलूस के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने पथराव कर दिया। जवाब में दूसरे पक्ष ने हमलावरों के रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ कर दी।
कुन्हाड़ी क्षेत्र में नरेश तलाइचा व काली टेकरी हनुमान मंदिर अखाड़े वालों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। शनिवार को काली टेकरी हनुमान मंदिर में गणेश स्थापना के लिए गुर्जर समाज के लोग जुलूस के रूप में प्रतिमा ले जा रहे थे। जुलूस जब थर्मल चौराहे पर पहुंचा तो वहां पहले से बैठे नरेश तलाइचा गुट के लोगों ने जुलूस पर पथराव कर दिया। यह देख जुलूस में शामिल लोगों ने तलाइचा के रेस्टोरेंट पर बोतलें फेंकी। दोनों पक्ष के लोग धारदार हथियार लेकर आमने-सामने हो गए।
थर्मल चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। कई व्यापारियों ने दुकानें बंद कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक राजेश यादव व कुन्हाड़ी थाने का जाब्ता मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने फसाद कर रहे कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि एक पक्ष के कुलदीप तलाइचा की ओर से काली टेकरी हनुमान मंदिर व्यायाम शाला के लोगों के खिलाफ तोड़फोड़ व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया। दूसरे पक्ष लटूरलाल गुर्जर की तरफ से कुलदीप तलाइचा व उसके साथियों के खिलाफ जुलूस में पथराव करने तथा प्राणघातक हमला करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों की ओर से करीब 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके की नजाकत को देखते हुए एहतियात के तौर पर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर रखा है। जो रात तक तैनात था।
पहले हत्या भी हो चुकी है
कोटा। दोनों गुटों में चल रहे विवाद को लेकर पिछले वर्ष बाबू गुर्जर की हत्या भी हो चुकी है। इस मामले को लेकर गुर्जर समाज ने आंदोलन भी किया था। कई बार हाइवे जाम कर रोष व्यक्त किया गया था।