कोटा. छावनी-कोटड़ी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात को अज्ञात चोर सूने मकान से मेन गेट का ताला तोड़ कर डेढ़ लाख के जेवरात और 55 हजार रुपए नकद चुराकर
ले गए। मकान मालिक रिश्तेदार की गमी में गए हुए थे।
छावनी गुरुद्वारे के पास रहने वाले प्रभजोत सिंह के ताऊ की 12 सितंबर रात्रि को मृत्यु हो गई थी। तब से ही प्रभजोत पत्नी और बच्चों के साथ ताऊ के निवास स्थान दादाबाड़ी में था। वह अपने छावनी के मकान पर 13 सितंबर शाम को कुछ देर के लिए आया था। उसके बाद वह शनिवार सुबह आया। उसने चैनल गेट पर लगा ताला खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुल सका। उसने मकान के मुख्य गेट की कुंडे को कटा पाया तो वह समझ गया कि मकान में कुछ हो गया।
इस पर उसने अपने जीजा को बुलाया। उन्होंने दूसरे गेट को खोलकर अंदर प्रवेश किया। अलमारी और दीवान का ताला टूटा हुआ था व सारा सामान बिखरा हुआ था। बेड रूम में जाकर देखा तो उसका भी ताला टूटा मिला व बॉक्स से जेवरात व नगदी गायब थे, उसने तत्काल पुलिस को फोन किया। सूचना मिलते ही थानेदार कन्हैयालाल पहुंच गए और मुआयना किया।
क्या गया चोरी
प्रभजोत के घर से दो सोने की चेन 70 ग्राम, एक सेट 30 ग्राम, 6 अगूंठियां 35 ग्राम, दो जोड़ी टॉप्स 10 ग्राम, कैश 55 हजार, दो क्रेडिट कार्ड और कुछ दस्तावेज चुराकर ले गए।
सोने के पारखी थे चोर
प्रभजोत के घर चोरी करने वाले सोने के पारखी थे। उन्होंने सिर्फ सोने से बने जेवरातों को की चुराया। नकली जेवरात को छोड़ दिया। उन्होंने सोने की चेन में लगे लॉकेट को भी निकाल कर बाहर फेंक दिया। चोर जाते समय चैनल गेट का ताला लगाकर चले गए।