भिवानीहत्या के आरोप में रोहतक जेल में सजा काट रहे पति से परेशान एक महिला संगीता देवी ने न्यू भारत नगर स्थित अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। संगीता ने दो शादियां की थीं। पहले पति से उसका तलाक हो गया और जेल में बंद उसका दूसरा पति है। पुलिस ने मृतका की बेटी की शिकायत पर जेल में बंद पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। न्यू भारत नगर निवासी संगीता देवी (35) शुक्रवार देर रात को अपने दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से झूल गई। उसकी बेटी मन्नी देवी ने शनिवार तड़के शव को लटकते हुए देखा तो उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए तथा पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतका के तीन बच्चे हैं। उसकी पहली शादी नई अनाज मंडी निवासी राजकुमार के साथ हुई थी जिससे मतभेद होने पर तलाक हो गया। इसके बाद संगीता ने महमखेड़ी निवासी कृष्ण कुमार के साथ प्रेम विवाह किया।
बाद में कृष्ण को कत्ल के एक केस में उम्रकैद की सजा हो गई। इन दिनों वह रोहतक की जिला जेल में सजा काट रहा था। मन्नी देवी के अनुसार उसकी मां संगीता 11 सितंबर को सौतेले पिता पिता कृष्ण कुमार से मिलने जेल गई थी। वहां पिता ने मां से न्यू भारत नगर वाले मकान की चाबी व बीस हजार रुपयों की मांग की। पिता ने धमकी दी थी कि अगर उसकी मांग पूरी न हुई तो वह उसे बच्चों सहित जान से मरवा देगा। इस धमकी से मां परेशान थी और अक्सर मरने की बात करती थी। मन्नी देवी के बयान के आधार पर पुलिस ने कृष्ण कुमार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।
घर नहीं ले गए शव संगीता का शव पोस्टमार्टम के बाद घर नहीं ले जाया गया। उसके अंतिम संस्कार से पूर्व की सभी औपचारिकताएं शव गृह के आसपास ही पूरी कर ली र्गई। शवगृह से शव सीधे श्मशान घाट ले जाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया।