News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़ :होम मिनिस्ट्री में यूटी का काम देख रहे जॉइंट सेक्रेटरी बी. ए. कुटिन्हो ने प्रशासन को भरोसा दिलाया है कि यहां के कर्मचारियों की रिटायरमेंट एज बढ़ाने और उन्हें बोनस देने जैसी मांगों पर इसी अक्टूबर में सीनियर स्तर पर एक अहम बैठक होने की उम्मीद है। कुटिन्हो दो दिनों से शहर में हैं और शनिवार को उन्होंने आईटी पार्क का दौरा किया।
प्रशासन की ओर से कुटिन्हो को बताया गया कि बाकी सभी यूटीज में कर्मचारियों की रिटायरमेंट एज 60 साल है, जबकि चंडीगढ़ में पंजाब सर्विस रूल्स लागू होने के कारण यहां कर्मचारी 58 साल की उम्र में रिटायर हो जाते हैं। कर्मचारियों की ओर से लंबे समय से रिटायरमेंट एज बढ़ाने की मांग की जा रही है। इसी तरह बोनस और कंपेशनेट आधार पर की जाने वाली नियुक्तियों की भी मांग की जा रही है। कुटिन्हो ने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने आईटी पार्क भी देखा और यहां इन्फोसिस की ओर से बनाई गई जहाजनुमा बिल्डिंग की तारीफ की। उन्होंने आईटी पार्क प्रोजेक्ट की भी सराहना की और चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड की ओर से शुरू की गई रिहैब्लिटेशन सकीम को भी सराहा। इस स्कीम के तहत हाउसिंग बोर्ड 25000 मकान बना रहा है जो झुग्गी-झौपड़ी में रहने वालों को मासिक किराए पर दिए जाएंगे। इससे पहले कुटिन्हो ने चंडीगढ़ प्रशासन के विभिन्न अफसरों के साथ एक मीटिंग भी की और इसमें प्रशासन की ओर से शुरू किए गए विभिन्न प्रोजेक्ट्स पर विस्तार से चर्चा की गई। चंडीगढ़ प्रशासन सीधे तौर पर होम मिनिस्ट्री के तहत काम करता है और चंडीगढ़ का सालाना बजट भी होम मिनिस्ट्री के बजट में ही शामिल होता है। चंडीगढ़ के लिए यह मिनिस्ट्री नोडल मिनिस्ट्री के तौर पर काम करती है।