पंचकूला : हुड्डा के एंफोर्समेंट विंग व स्थानीय प्रशासन की ओर से शनिवार को माता मनसा देवी मंदिर परिसर से सटे इलाके से अवैध कब्जे हटाए गए। अवैध कब्जों को गिराने का अभियान डीसी राजेंद्र कटारिया और एसडीएम साकेत कुमार की अगुआई में किया गया। सबसे पहले माता मनसा देवी मंदिर परिसर के मुख्य द्वार के सामने तीन अवैध कमरों को गिराया गया। उसके बाद हुडा के बूथों के आगे दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से बनाए गए करीब 60 शेड्स गिराए गए।
डीसी राजेंद्र कटारिया ने मौका मुआयना किया और डीसी ने हुड्डा को निर्देश दिए कि जहां-जहां से एंक्रोचमेंट हटाई गई है, वहां पर शीघ्र फेंसिंग की जाए ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण की संभावना न रहे। कब्जे हटाने के अभियान में हुडा के एंफोर्समेंट विंग के पांच जेई, जिनमें जोगिंदर सिंह बैनीवाल, ए.के. सोढी, रामफल नैन, करमचंद और जसबीर सिंह की अगुआई में किया गया।
नीट एंड क्लीन बनाया जाएगा माता मनसा देवी मंदिर परिसरडीसी राजेंद्र कटारिया ने कहा कि माता मनसा देवी मंदिर इस क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक केंद्र है, जहां दूर-दराज से श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को सुंदर और साफ सुथरा बनाया जाएगा। डीसी ने बताया कि मंदिर परिसर को विकसित करने के लिए प्लानिंग की जा रही है। डीसी ने कहा कि अवैध कब्जे और सफाई अभियान अगले कुछ दिन और जारी रहेगा।