नई दिल्ली. रामसेतु पर विवादित हलफनामे का मुद्दा तूल पकड़ता ही जा रहा है। केंद्र में संस्कृति मंत्री अंबिका सोनी से केंद्र के ही मंत्री जयराम रमेश द्वारा इस्तीफे की मांग किए जाने के बाद रविवार को कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद सोनी के बचाव में उतरे।
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल किए गए हलफनामे पर विवाद खड़ा हो जाने के बाद से ही आलोचनाओं से घिरीं संस्कृति मंत्री के बचाव में शनिवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव दिग्विजय सिंह आए थे और आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सलमान खुर्शीद ने कहा है कि अगर कोई सच्चई जानता है तो वह यह नहीं कहेगा कि इस पूरे मामले में सोनी जिम्मेदार हैं।
हालांकि कांग्रेस के प्रवक्ता ने इस मामले पर मीडिया के सामने नो कमेंट्स का रास्ता अपनाया लेकिन वाणिज्य राज्य मंत्री जयराम रमेश द्वारा सोनी से इस्तीफे की मांग पर खुर्शीद ने कहा है कि उन्होंने यह बात इसलिए कही है क्योंकि वे मामले की तह तक नहीं गए हैं। सोनी इस पूरे मामले में कहीं से भी जिम्मेदार नहीं हैं।
खुर्शीद ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले पर सोनी से बात की है और रमेश की टिप्पणी से सोनी न केवल हतप्रभ हैं बल्कि उन्हें दुख भी हुआ है।
संबंधित खबरें
* रामसेतु मुद्दा : अंबिका का इस्तीफे का संकेत