HomeNewsInternational International

चीन के गुआंगझोउ में बर्डफ्लू की पुष्‍टि

बीजिंग. चीन ने दक्षिणी शहर गुआंगझोउ में बत्तखों में बर्डफ्लू का नए सिरे से फैलने की पुष्टि कर दी है। चीन के कृषि मंत्रालय ने कहा है नेशनल एवियन इन्फ्लुएंजा रिफरेन्स लेबोरेटरी ने एच5एन1 बर्डफ्लू के सब टाइप के फैलने की पुष्टि कर दी है।

गुआंगझोऊ के पानयु इलाके में सिजियान गांव और जिनजाओ कस्बे में पांच सितंबर को कुछ बत्तखों के मरने की सूचना मिली थी। इसके बाद से कल तक कम से कम 36 हजार 130 बत्तखों को मारा जा चुका है।

कृषि मंत्रालय और गुआंदोंग प्रांत की सरकार ने बर्डफ्लू से निपटने के लिए आपात योजना लागू कर दी है। उनका कहना है कि हालात नियंत्रण में हैं। पानयु और आसपास के इलाकों में अभी परिंदों के मरने की कोई खबर नहीं है।

चीन में आखिरी बार 19 मई को बर्डफ्लू के एच5एन1 वायरस के फैलने की खबर आई थी। जिसके कारण 11 हजार कुक्कुट पक्षी मर गए थे। इसके अलावा 52 हजार 800 कुक्कुट पक्षियों को संक्रमण की आशंका से मार डाला गया था।

वर्ष 2003 में चीन में बर्डफ्लू फैलने के बाद से अब तक मनुष्य में संक्रमण के 25 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 16 की मौत हो चुकी है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: