कोटा. अरफात उद्योग के एक्रेलिक प्लांट में 20 वें दिन भी तालाबंदी जारी रही। दूसरी ओर प्रबंधन और सीटू में विवाद गरमा गया है। प्रबंधन ने सीटू नेताओं पर धमकियां देने का आरोप लगाया है। उद्योग नगर थाने में एक मामला दर्ज भी करा दिया गया। दूसरी ओर सीटू नेताओें ने प्रबंधन के आरोपों को गलत बताया है।
एक्रेलिक गेट पर तालाबंदी खत्म करने और निलंबित 31 श्रमिकों को बहाल करने सहित अन्य मांगों को लेकर सीटू ने 22 दिन से धरना दे रखा है। प्लांट में कार्यरत एक अधिकारी प्रदीप गुप्ता ने सीटू नेता हबीब खान पर आरोप लगाया कि जब वे फैक्ट्री में जा रहे थे तो खान गेट पर आ गए और अंदर जाने से रोका। साथ ही धमकी दी कि अंदर गए तो उसकी हालत खराब करने के साथ ही मोटर साइकिल को तोड़ दिया जाएगा। पुलिस के मुताबिक हबीब के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
उधर, अरफात के सीनियर वाईस प्रेसिडेंट एस. यू. खान ने भी कहा कि सीटू नेता प्लांट के मैनेजरों को धमकियां दे रहे हैं कि वे श्रमिकों को वापस काम पर लाने के लिए नहीं बरगलाएं। अन्यथा परिणाम ठीक नहीं होंगे।