मदुरै. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के राम विरोधी बयान के बाद भाजपा के पूर्व सांसद रामविलास वेदांती के जारी फतवे के विरोध में द्रमुक कार्यकर्ताओं ने आज शिवगंगा जिले के कराईकुडी में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एच राजा और उनके ससुर के घर पर हमला किया है।
पुलिस ने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसके बाद शहर के द्रमुक कार्यकर्ताओं के घर पर जमकर पथराव किया। उनका कहना था कि बीती देर रात हुए हमले में राजा के निवास पर खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचा और खिड़कियां चकनाचूर हो गई।
पुलिस ने बताया कि कुछ द्रमुक और भाजपा के कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया है। राजा ने आरोप लगाया कि द्रमुक के कराईकुडी निगम अध्यक्ष मुत्तुतुरई और पार्टी की मछुआरा इकाई के प्रमुख नारायणन ने हमला किया है। राजा ने दावा किया कि हमलावरों ने पेट्रोल बम फेंकने और उनकी हत्या करने की धमकी दी है।
राम विरोधी टिप्पणी के लिए करुणानिधि का सिर कलम करने से जुड़े वेदांती के कथित फतवे पर कड़ा ऐतराज जताते हुए द्रमुक के वरिष्ठ नेता और प्रदेश मंत्री आर्कट एन वीरस्वामी ने कहा था कि यदि वेदांती अपनी टिप्पणी वापस नहीं लेते तो वह राज्य में भाजपा कार्यालयों के बाहर काले झंडे लेकर प्रदर्शन करेंगे।