bhaskar Web English
HomeNewsNational National

चेन्नई में अब हिंदू मुन्नानी दफ्तर पर हमला

चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के खिलाफ कथित रूप से फतवा जारी करने वाले भाजपा के पूर्व सांसद रामविलास वेदांती से नाराज डीएमके कार्यकर्ताओं ने रविवार को यहां भाजपा के तमिलनाडु इकाई मुख्यालय के बाद हिंदू मुन्नानी के कार्यालय पर भी हमला बोल दिया।

भाजपा दफ्तर के लोगों ने आरोप लगाया कि सैकड़ों डीएमके कार्यकर्ता आज सुबह करीब 11 बजे टी नगर स्थित भाजपा के मुख्यालय में जबरन घुस गए और खिड़कियां, कांच और दरवाजे तोड़ दिए। भीड़ ने पथराव भी किया और भाजपा दफ्तर में खड़े वाहनों के साथ भी तोड़फोड़ की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडे को भी उखाड़ दिया।

इससे पहले डीएमके कार्यकर्ताओं ने भाजपा के दफ्तर कमलायम के सामने प्रदर्शन किया। राज्य महासचिव तमिझियासाई सौंदराजन ने मीडिया से कहा कि इस हमले में वे तो घायल हुई ही हैं, अन्य कई भाजपाई भी घायल हुए हैं। हालांकि दफ्तर के बाहर तैनात किए गए कुछ पुलिसकर्मी इस बारे में बातचीत करने से कतरा रहे हैं।

भाजपा दफ्तर पर हमले के बाद द्रमुक कार्यकर्ताओं के एक दल ने इग्मोर स्थित हिंदू मुन्नानी कार्यालय के बाहर नारेबाजी के बाद पथराव कर दिया जिससे इमारत की खिड़कियों के कांच टूट गए। हिंदू मुन्नानी नेता राम गोपालन ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं जबकि वेदांती ऐसा कोई फतवा जारी करने की बात से इंकार कर चुके हैं।

गौरतलब है कि भगवान राम के बारे में करुणानिधि की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए वेदांती ने कथित रूप से उनके खिलाफ फतवा जारी करते हुए कहा था कि जो करुणानिधि का सिर कलम करेगा, उसे सोने से तोला जाएगा। इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए राज्य के विद्युत मंत्री एन वीरासामी ने कहा था कि उनके नेता के खिलाफ इस तरह का बर्ताव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और डीएमके कार्यकर्ता इसका सटीक जवाब देंगे।

संबंधित खबरें
* मदुरै में बीजेपी नेता के घर हमला, पथराव
* वेदांती ने कहा, मैंने वो नहीं कहा था
* फतवे से भड़का द्रमुक, विहिप ने पल्ला झाड़ा
* करुणानिधि का सिर कलम करो, सोने से तोलेंगे





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: