नई दिल्ली.
दार्जीलिंग के प्रशांत तमांग नए 'इंडियन आइडल' बन गए हैं। सोनी टीवी पर प्रसारित बहुचर्चित टीवी कार्यक्रम इंडियन आइडल-3 के बेहद रोमांचक खिताबी मुकाबले में प्रशांत ने शिलांग के अमित पॉल को परास्त कर बाजी मार ली। प्रशांत के नाम की घोषणा रविवार को आयोजित एक रंगारंग कार्यक्रम में की गई। इससे पहले प्रशांत और अमित ने एक साथ कई गाने गाकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं पुराने प्रतियोगियों ने भी अपनी आवाज का जादू बिखेरा। जजों के रूप में उपस्थित आलिशा चिनॉय ने भी कुछ गाने गाए।
कार्यक्रम के दौरान संगीतकार अनु मलिक, गीतकार जावेद अख्तर और गायक उदित नारायण भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम ने भी शिरकत की थी। गौरतलब है कि दार्जीलिंग के प्रशांत पुलिस में काम करते हैं और पिछले दो सालों से पुलिस ऑर्केस्ट्रा में गाते रहे हैं।
सोनिया गांधी से मिले थे:
अंतिम मुकाबले के पहले शनिवार को दोनों प्रतियोगी अमित पॉल और प्रशांत तमांग ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर उनका आशीर्वाद लिया था। इस मुलाकात के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष ने दोनों को शुभकामनाएं दी थीं।
मूल रूप से नेपाली हैं प्रशांत
भारत के नए इंडियन मूल रूप से नेपाली हैं और इंडियन आइडल प्रतियोगिता में अपनी गायन शैली के कारण आज वे भारत के साथ साथ पूरे नेपाल में प्रसिद्ध हो गए हैं। पूर कार्यक्रम के दौरान नेपाल में उनकी सफलता को लेकर जबरदस्त चर्चा चलती रहीं है और इंडियन आइडल के इतिहास में यह पहली बार है कि नेपाली मूल का कोई व्यक्ति इतना लोकप्रिय हुआ है।