News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. पुलिस की कड़ी निगरानी के बावजूद टी-20 विश्वकप के हर मैच में करोड़ों के दांव लग रहे हैं। पुलिस की निगाह से बचने के लिए सभी बड़े बुकी पर्दे के पीछे से काम कर रहे हैं। उनके गुर्गे मोबाइल पर इतनी सावधानी से कटिंग कर रहे हैं कि पुलिस का उन तक पहुंच पाना मुश्किल है।
सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया पर भारत की सनसनीखेज जीत में राजधानी से ही करोड़ों का दांव लगा था। जानकारों का दावा है कि 15 करोड़ से ज्यादा की कटिंग हुई। भारत और पाकिस्तान के फायनल में पहुंचने के बाद सट्टाबाजार जबरदस्त उछाल पर है।
रायपुर के इतिहास में अब तक के सबसे बड़ा दांव की चर्चाएं चल रही हैं। सटोरियों में कल के मैच को लेकर जबर्दस्त हलचल है। गेम सुविधाजनक ढंग से चलता रहे, इसके लिए बड़े बुकी ने फूलप्रूफ प्लान तैयार कर लिया है।
शनिवार को भारत की जीत के बाद से ही सट्टा बाजार में तैयारी शुरु हो गई थी। रविवार को मैच न होने के बावजूद 5 करोड़ से ज्यादा का गेम कट गया। सोमवार को सुबह से कटिंग शुरु हो जाएगी।
जानकारों ने बताया कि मैच के टास से लेकर कई बातों पर दांव लगाया जा रहा है। भारत के तूफानी बल्लेबाज युवराज सिंह तथा महेंद्र सिंह धोनी और पाकिस्तान के धुरंधर शाहिद आफरीदी के रनों पर दांव लग लग रहे हैं। दोनों टीमों की कप्तानों के रनों पर भी दावों का दौर चल रहा है। ओपनिंग जोड़ी की पार्टनरशीप और रनों के टोटल पर भी कटिंग हो रही है।
आज रात तक दोनों टीमों के रेट ओपन नहीं हुए थे, क्योंकि इस मामले में सटोरिए काफी सावधानी बरत रहे हैं। लेकिन माना जा रहा है कि सट्टाबाजार कल के मैच में भारत की जीत के प्रति आश्वस्त है। यही वजह है कि पाकिस्तान की तुलना में भारत का भाव कम खोला जाने वाला है।
कैसे हो रही है कटिंग
गुढ़ियारी, समता कालोनी, तेलीबांधा, शंकरनगर और टाटीबंध क्षेत्र के नामी सटोरियों ने मोबाइल को कटिंग का जरिया बनाया है। जानकारों का दावा है कि कुछ सटोरी कुरुद, धमतरी, कांकेर, महासमुंद जैसे छोटे इलाके में छिपकर बैठे हैं। उनके गुर्गे शहर में कटिंग लेकर मोबाइल पर गेम काट रहे हैं। सटोरियों का कनेक्शन मुंबई और नागपुर से जुड़ा है।
सारी कटिंग वहीं भेजी जा रही है। पुलिस के खुफिया दस्ते का दावा है कि समता कालोनी और गुढ़ियारी के साथ-साथ भाटापारा क्षेत्र के बड़े सटोरी नागपुर में बैठे हैं। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर बदल दिया है। इस वजह से पुलिस सारी हकीकत जानते हुए भी उन्हें ट्रेस नहीं कर पा रही है।