भोपाल. ट्वेंटी-20 किक्रेट वल्र्ड कप में सोमवार को भारत और पाकिस्तान के बीच फायनल मुकाबला है। इस मैच को लेकर राजधानी में 5 से 8 करोड़ों रुपए का सट्टा लग रहा है। सटोरिए भारत को मजबूत मानकर चल रहे हैं। एक दिन पहले आस्ट्रेलिया से हुए मैच में भी बड़े पैमाने पर सट्टा लगा था। इसमें भारत के जीतने पर सट्टा खिलाने वालों की अपेक्षा खेलने वाले फायदे में रहे।
सटोरियों के लिए सोमवार को होने वाला मैच दीवाली से कम नहीं है। आमतौर पर जिस दिन मैच होता है, उसी दिन भाव लेकर दांव लिए जाते हैं। लेकिन भारत-पाक मैच को लेकर रविवार से ही सट्टा लग रहा है। इसमें सटोरिए भारत को मजबूत मानते हुए एक रुपए पर 85 पैसे का भाव दे रहे हैं। वहीं पाक की जीत की संभावना पर एक रुपए के बदले सवा रुपए का भाव है।
कौन ले रहा है सट्टा :
राजधानी में क्रिकेट का सट्टा जल्दी अमीर बनने का साधन हो गया है। शहर में एक दर्जन से ज्यादा लोग इसे अंजाम दे रहे हैं। पुराने शहर से लेकर कोलार रोड और भेल तक यह काम जोरों पर है। शहर में ‘चच्चा’ का नाम इसके लिए चर्चा में है। वहीं एक साड़ी व्यापारी ने इस काम में हेमू नामक युवक को लगाया है।
मारवाड़ी रोड पर प्रापर्टी के काम में लगा एक युवक भी सट्टा खिला रहा है। वहीं चिंतामन चौराहे पर रहने वाला एक युवक कुछ पुराने सटोरियों के साथ काम कर रहा है। भेल के इंद्रपुरी में भी एक व्यापारी सट्टा बुक करता है। वहीं न्यू मार्केट में एक अहाता चलाने वाला व्यक्ति क्रिकेट का सट्टा लिख रहा है। यही हाल कोलार रोड पर एक ज्वेलर्स का है। रविशंकर मार्केट में भी एक युवक ने यह काम शुरू किया है।
मोबाइल बंद कर घर से गायब रहते हैं सटोरिए:
शहर में जो लोग सट्टा खिलाने के लिए कुख्यात हैं, वे मैच के दौरान घरों से गायब रहते हैं। उनके मोबाइल फोन भी बंद मिलते हैं। सटोरिए सूनी बस्तियों और होटलों में जाकर इस काम को नए मोबाइल नंबरों की मदद से करते हैं।
पुलिस नहीं करती कार्रवाई
राजधानी पुलिस शहर में बड़े पैमाने पर हो रहे क्रिकेट के सट्टे को नहीं पकड़ पा रही है। पुलिस ने करीब आठ माह पहले रत्नेश जैन और उसके साथियों को इस आरोप में पकड़ा था। इसके बाद पुलिस बड़े पैमाने पर कार्रवाई नहीं कर पाई। पुलिस छोटे सटोरियों पर कार्रवाई करके खानापूर्ति करती रही है।
हर बाल पर लगता है सट्टा
जीत-हार के अलावा सटोरिए हर बाल पर भी दांव लगाते हैं। इसमें किस बाल पर रन बनेंगे और किस बाल पर विकेट गिरेगा, इस पर दांव लगाया जाता है।