जोधपुर. क्रिकेट के इतिहास में अब तक के सर्वाधिक रोमांचक फाइनल का सबको बेसब्री से इंतजार है। आमने-सामने टीमें भी ऐसी जिसको पूरी दुनिया देखना चाहती
है। लोगों के बीच सिर्फ 20-20 वर्ल्डकप फाइनल की ही चर्चा है। ऐसा लग रहा है जैसे सब कुछ सिर्फ भारत- पाकिस्तान के मैच में ही सिमट कर रह गया है। जहां भी दो से ज्यादा लोग बैठे, वहां सिर्फ क्रिकेट की ही बात।
लोगों की भावनाओं और रोमांच को देखते हुए दैनिक भास्कर और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाने वाले उत्कर्ष संस्थान की ओर से सोमवार को फाइनल मैच काबरा मातुश्री कला मंदिर ऑडिटोरियम में बड़े पर्दे पर दिखाया जाएगा।
क्रिकेट प्रेमियों को भारत के वर्ल्डकप जीतने का पूरा भरोसा है और जीत से कम कोई बात ही नहीं। सभी के होठों पर एक ही बात है कि टीम इंडिया की साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया पर जीत को देखकर लगता है कि उनके सामने कोई भी टीम नहीं टिक पाएंगी। टीम ने मैच को अपने पक्ष में करने का फंडा समझ लिया है।
फाइनल के इस रोमांच का लुत्फ उठाने के लिए शहर के क्रिकेट प्रेमी दिन भर प्लान बनाते नजर आए। सभी इसी जुगाड़ में लगे रहे कि केबल पर प्रसारित नहीं होने के बावजूद मैच का मजा कैसे लिया जाए। क्रिकेट प्रेमी इस रोमांच का भरपूर आनंद ले सकें, इसलिए उत्कर्ष संस्थान ने भास्कर के साथ मिल कर मैच को बड़े पर्दे पर दिखाने की व्यवस्था की है।