Business
Dalal Street Dalal Street नई दिल्ली/मुंबई. मुंबई सैंसेक्स एक बार फिर सोमवार को अब तक के सबसे ऊपरी स्तर 16820 अंकों पर पहुंच गया वहीं निफ्टी भी 4913 का आंकड़ा छूने में सफल रहा। बीते सप्ताह की तेजी इस सप्ताह भी बरकरार रहने की उम्मीद थी और सुबह बाजार खुलते ही तेजी का माहौल बन गया।
बाजार एक समय 200 अंकों की बढ़त हासिल करने में सफल रहा था लेकिन एक घंटे बाद करीब 11 बजे बाजार 80-90 अंकों की तेजी कायम रख पाया। दरअसल इन ऊंचे स्तरों पर बिकवाली शुरू होने से कुछ मजबूत शेयर्स में भी ठहराव देखा गया।
टैलीकॉम सेक्टर के महारथी भारती एयरटेल और रिलायंस कम्यूनिकेशन भी लगातार मजबूत बने हुए हैं। वहीं लंबे समय से दबा पड़ा टाटा टैली भी तेजी से 40 रुपए की तरफ बढ़ रहा है। सोमवार को यह 11 बजे तक ही 39 रुपए का आंकड़ा छूकर गया था। इसी प्रकार आरएनआरएल भी 90 रुपए से ऊपर पहुंच गया। बीते हफ्ते तक यह शेयर 50 रुपए के आसपास चल रहा था। आरपीएल और एनटीपीसी जैसे शेयर्स में भी तेजी का दमखम बना हुआ है।
बाजार के जानकारों का कहना है कि बाजार में अभी भी दमखम है लेकिन अब ऐसे शेयर्स में निवेश करना चाहिए जो कि फंडामेंटल तौर पर काफी मजबूत हैं। इसलिए बाजार की तेजी में बहने की बजाए कंपनियों का प्रदर्शन देखना चाहिए। कंपनियों के परिणाम एक सप्ताह बाद आने शुरू हो जाएंगे और तब बाजार को सही दिशा मिलेगी। अगर एक बार फिर से इंडियन कॉपरेरेट सेक्टर ने अच्छे परिणामों से दमखम दिखाया तो बाजार के लिए 17500 का स्तर भी छोटा पड़ जाएगा।
बाजार के जानकार वी कुमार का कहना है कि फिलहाल बाजार में करीब 1500 अंकों की तेजी आ चुकी है और अब इसमें कुझ तकनीकी संशोधन की भी संभावना है। बाजार की सेहत के लिए भी यह ठीक रहेगा। उसके बाद तेजी का अगला दौर ज्यादा देर तक टिकने में कामयाब होगा। लगातार ऐसी तेजी भी कई बार नुक्सान कर सकती है इसलिए हर बार थोड़े संशोधन के बाद बाजार बढ़े तो यह बाजार और निवेशकों के लिए ठीक रहता है।
गुरुवार के बाद कुछ संशोधन संभव
इस वक्त बाजार में बड़ी संख्या में निवेशकों ने फ्यूचर सौदे बेच रखे हैं और बाजार के बड़े खिलाड़ी वीरवार तक बाजार को गिरने नहीं देंगे। वीरवार को कटौती लगने के बाद बाजार कुझ संशोधन की तरफ बढ़ेगा। हालांकि तब तक फ्यूचर के खिलाड़ियों को नुक्सान हो चुका होगा लेकिन उस संशोधन में छोटे निवेशकों के लिए कुछ अच्छे स्टॉक्स में निवेश का बढ़िया समय होगा।