चेन्नई. बीजेपी के पूर्व सांसद रामविलास वेदांती के खिलाफ चेन्नई पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द्र को खराब करने को लेकर केस दर्ज किया है। आरोप है कि वेदांती ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि के खिलाफ जान से मारने का फतवा जारी किया था।
चेन्नई के एक निवासी धनंचेजियान की शिकायत पर पुलिस ने यह केस दर्ज किया है। वेदांती के खिलाफ यह केस समुदायों के बीच द्वेष फैलाने, सांप्रदायिक सौहार्द्र को धक्का पहुंचाने और अपने बयान के जरिए जनविश्वास को चोट पहुंचाने को लेकर दर्ज किया गया है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि वेदांती ने करुणानिधि के रामविरोधी बयान पर उनका सिर कलम करने का बयान जारी किया और कहा कि जो उनका सिर कलम करेगा, उसे सोने से तोला जाएगा। इस बयान के बाद तमिलनाडु में सांप्रदायिक सौहार्द्र को काफी चोट पहुंची।
गौरतलब है कि इस बीच पुलिस ने डीएमके के 16 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने बीजेपी ऑफिस और हिंदु मुन्नानी के दफ्तरों पर हमले किए। सभी को मजिस्ट्रेट ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।