भोपाल. गुनगा इलाके में सोमवार और मंगलवार की रात एक कार के पेड़ से टकराने के कारण उसमें सवार एक डाक्टर और उनकी बेटी की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा व दो भतीजे घायल हो गए।
गुनगा पुलिस के मुताबिक डा. उमेश भक्त कुशवाह का बैरसिया में क्लीनिक है। शांतिकुंज बैरसिया निवासी डा. कुशवाह सोमवार को अपनी बेटी सौम्या (15), बेटे सत्यम (13) भतीजे विशाल (18) और शशांत (10) के साथ भोपाल गणोशजी की झांकियां देखने आए थे। रात करीब डेढ़ बजे भोपाल से लौटते समय गुनगा इलाके के गोलखेड़ी, निपनियाजाट के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। जिसमें सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डाक्टरों ने डा. कुशवाह और सौम्या को मृत घोषित कर दिया। सत्यम, विशाल और शशांत का हमीदिया अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
डाक्टर के घर से ढाई लाख के जेवर चोरी
शक्ति नगर इलाके में सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात दरवाजे का कुंदा तोड़कर एक डाक्टर के घर में घुसे चोर बाइस हजार रुपए नगदी और लगभग ढाई लाख रुपए के जेवर ले गए।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर 3, शक्ति नगर निवासी डा. राजीव मिश्रा का एमपी नगर में मेडिकल सेंटर है। डा. मिश्रा और उनका परिवार बीती रात सो रहा था। रात करीब साढ़े तीन बजे दरवाजे का कुंदा तोड़कर कुछ लोग उनके घर में घुस गए।
घर में आहट होने पर डा. मिश्रा की भाभी ने शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार के अन्य लोग भी उठकर बाहर आए, लेकिन तब तक बदमाश सामान समेट कर भाग चुके थे। गोविंदपुरा पुलिस ने चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।
बताया गया है कि चोर अलमारी में रखे बाइस हजार रुपए और लगभग ढाई लाख रुपए के जेवर चोरी करके ले गए। इधर, कमला नगर पुलिस के मुताबिक अमलतास कालोनी, चूना भट्टी निवासी रिटायर्ड आईजी वीसी जोशी के घर सिवनी मालवा निवासी शंकर घर के कामकाज करता था।
श्री जोशी ने शिकायत की थी कि शंकर छह हजार रुपए और जेवर लेकर गायब है। पुलिस ने आवेदन जांच के बाद शंकर के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज किया है।