HomeNewsNational National

राहुल को कांग्रेस का 'धोनी' बनाने की तैयारी

नई दिल्ली. Rahul Gandhi ट्वंटी-20 वल्र्ड कप में टीम इंडिया की जीत को कांग्रेस राजनीतिक फायदे के लिए भुनाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी को कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की तरह प्रोजैक्ट किया जा रहा है जो अगले बड़े मैच यानी आम चुनाव में यकीनन जीत का परचम फहराएंगे।

कांग्रेस के इस नजरिए का खुलासा मंगलवार को हुआ जब पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि सोमवार का दिन युवाओं के जज्बे का दिन था। एक तरफ राहुल गांधी ने कांग्रेस में अहम पद संभाला, तो दूसरी तरफ धोनी और उनकी युवा टीम ने देश को बेहतरीन जीत दिलाई। राहुल की तारीफ करते हुए सिंघवी यहीं नहीं रुके।

उन्होंने कहा, 'मुझे पूरा भरोसा है कि राहुल अगले बड़े मैच में निर्णायक फतह हासिल करेंगे।' सिंघवी ने संकेत दिए कि मंत्रिमंडल में भी जल्द फेरबदल होगा, जिसमें युवाओं को स्थान दिया जाएगा।

कांग्रेस के लिए यह सुखद संयोग रहा कि जब पार्टी ने मध्यावधि चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठन में फेरबदल करके युवाओं को जगह दी, तब धोनी के नेतृत्व में युवा टीम ने इतिहास रच दिया। कांग्रेस आलाकमान ने कार्यकर्ताओं की लंबी समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए नेहरू परिवार के उत्तराधिकारी राहुल की पार्टी महासचिव पद पर ताजपोशी कर दी। इसके अलावा उन्हें पार्टी की प्रचार कमेटी और 'ग्रुप टू लुक इनटू फ्यूचर चैलेंजेज' में भी शामिल कर लिया। राहुल के अलावा ज्योतिरादित्य सिंधिया, प्रिया दत्त, मिलिंद देवड़ा, सचिन पायलट,जतिन प्रसाद और संदीप दीक्षित सरीखी यंग ब्रिगेड को भी कार्यसमिति में जगह दी गई है।

चीन ने भी दी राहुल को बधाई : चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ने भी कांग्रेस महासचिव बनाए जाने पर राहुल गांधी को बधाई दी है। कम्युनिस्ट पार्टी के विदेश विभाग के उपमंत्री झांग झिजुन ने मंगलवार को बीजिंग में कहा कि भारतीय राजनीति में कांग्रेस का अहम स्थान है। चीन और भारत के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को बढ़ावा देने में कांग्रेस की भूमिका काबिले तारीफ है। हम पार्टी स्तर पर भी कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टी के रिश्तों को मजबूत करने के इच्छुक हैं।

राहुल की नियुक्ति मध्यावधि चुनाव का संकेत : भाजपा भाजपा ने मंगलवार को कहा कि राहुल गांधी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने से साफ संकेत मिलता है कि सत्तारूढ़ कांग्रेस भी मध्यावधि चुनाव की तैयारी में जुट गई है। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष एम वेंकैया नायडू ने पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस की इस नई पहल से साफ है कि यूपीए सरकार ज्यादा चलने वाली नहीं है। भाजपा का मानना है कि 2008 के शुरू में मध्यावधि चुनाव होंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: