HomeNewsMetrosIndore Indore

विरोध : तोड़फोड़, हंगामा

इंदौर. लोगों के विरोध के दो स्वरूप मंगलवार को देखने को मिले। एक मामले में नगर निगम की कचरा गाड़ी की टक्कर दंपति को लगने के बाद लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी। वहीं सोमवार रात भारत की जीत के बाद रानीपुरा में पथराव करने वालों को छुड़वाने के लिए महिलाओं ने थाने का घेराव किया।

कचरा वाहन की टक्कर से दंपति घायल
एम.वाय. अस्पताल के सामने नगर निगम के कचरा वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार दंपति घायल हो गए। इससे नाराज लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ की। दुर्घटना दोपहर डेढ़ बजे एम.वाय. अस्पताल के सामने हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राधा स्वामीनगर निवासी उषा व प्रवीण चौहान अस्पताल से नेहरू प्रतिमा की ओर जा रहे थे। तभी पीछे से तेज गति से आए कचरा वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी।

वे एक ओर जा गिरे और बाइक वाहन के बीच में फंस गई जिसे चालक कुछ दूर घसीटते हुए ले गया। लोगों ने पीछा कर उसे रोका और तोड़फोड़ कर दी। उसमें सवार लोगों से भी मारपीट की। घायल दंपति को सुयश अस्पताल में दाखिल किया गया। संयोगितागंज पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया है।

महिलाओं ने घेरा थाना
भारत की जीत के जश्न को लेकर सोमवार रात रानीपुरा में हुए पथराव के मामले में चार लोगों की गिरफ्तारी के विरोध में महिलाओं ने सेंट्रल कोतवाली थाने का घेराव कर दिया। बाद में दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंचे और आरोपियों पर रासुका लगाने की मांग की।

कल रात पथराव के बाद कलेक्टर और एसपी ने मौके पर जाकर स्थिति पर नियंत्रण किया था। मामले में पुलिस ने 50 लोगों के विरुद्ध केस दर्ज कर एक समुदाय के चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके विरोध में इस पक्ष की महिलाएं दोपहर को सेंट्रल कोतवाली पहुंची। उनका आरोप था कि पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई कर अकारण फंसाया है इसलिए गिरफ्तारों को रिहा किया जाए।

इधर, दूसरे पक्ष के लोग भी कुछ देर बाद थाने पहुंचे और गिरफ्तार लोगों के विरुद्ध रासुका लगाने की मांग की। करीब एक घंटे चले हंगामे के बाद दोनों पक्षों ने टीआई एच.एन. गुरु ने लिखित आवेदन दिया। जांच के बाद निष्पक्ष कार्रवाई के आश्वासन के बाद घेराव समाप्त हुआ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: