रेवाड़ी. केंद्रीय आवास एवं शहरी, गरीबी उन्मूलन मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य की मलिन बस्तियों के कायाकल्प के लिए नेहरू मिशन राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण योजना के तहत 300 करोड़ रुपए मंजूर किए गए हैं जिसमें पहली किश्त के रूप में 100 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी है।
कुल राशि में 200 करोड़ केंद्र सरकार खर्च करेगा। रेवाड़ी की मलिन बस्तियों के लिए 24 करोड़ रुपए स्वीकृत हुए हैं। कुमारी शैलजा मंगलवार को मुक्तिवाड़ा मोहल्ले में नेहरू मिशन राष्ट्रीय शहरी नवीनीकरण के तहत एकीकृत आवासीय एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत नए आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के बाद आयोजित समारोह में उपस्थितजनों को संबोधित कर रही थी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार बनने के बाद कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सर्वप्रथम पिछड़े व दलित वर्गे के लोगों के उत्थान के लिए कार्य करने पर जोर दिया।
उन्हीं के प्रयासों से यह उक्त योजना तैयार की गई। जिसके तहत पूरे भारत में मलिन बस्तियों की कायाकल्प करने के लिए 50 हजार करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस योजना द्वारा गरीब लोगों को प्लाट दिए जांएगे। हमारा प्रयास यह है कि प्लाट महिलाओं के नाम किए जाएं। जरूरत पड़ने पर पति-पत्नी के नाम पर भी प्लाट किया जा सकता है। राज्य के शहरी स्थानीय शासन व तकनीकी शिक्षा मंत्री एसी चौधरी ने कहा कि राज्य में पिछले ढाई सालों में मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देश पर प्रत्येक क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हुए हैं। शिक्षा को प्राथमिकता पर रखा गया है। उन्होंने कहा कि विकास कार्ये में कोई कमी नहीं रह जाए, इसके लिए केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में समान रूप से विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। राज्य के सिंचाई एवं लोक निर्माण मंत्री कप्तान अजय सिंह दोनों मंत्रियों का स्वागत करते हुए कहा कि रेवाड़ी शहर की आबादी एक लाख पार कर चुकी है जिसमें 40 फीसदी गरीब की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़े व दलित वर्ग के लोगों ने हमेशा से ही कांग्रेस पार्टी का साथ किया है। इसलिए शहर की 20 के करीब मलिन बस्तियों की कायाकल्प करने के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री कुमारी शैलजा ने 24 करोड़ रुपए स्वीकृत कर क्षेत्रवासियों को एक बहुत बड़ी सौगात दी है। उन्होंने कहा कि धारूहेड़ा को नगर पालिका का दर्जा दिए जाने के बाद 50 के लगभग कॉलोनियां ऐसी हैं जो स्लम की श्रेणी में आती हैं।
उन्होंने कुमारी शैलजा से मांग की है कि वे इन बस्तियों की कायाकल्प के लिए भी अतिरिक्त राशि दिलाए। उन्होंने कहा कि 24 करोड़ रुपए खर्च हो जाने के बाद रेवाड़ी भी अन्य जिलों की तरह एक खूबसूरत शहर की श्रेणी में आ जाएगा। उपायुक्त चंद्रप्रकाश ने उपस्थितजनों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि वे मलिन बस्तियों के लिए खर्च होने वाली राशि में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। इतना ही नहीं निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। कांग्रेस पार्टी के जिला प्रधान कोटूराम धमीजा ने भी पार्टी की तरफ से स्वागत किया।
जिला प्रमुख, महेंद्रगढ़ सतीश यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी विकास कार्ये में यकीन करती है। मंच का संचालन जिला लोक संपर्क अधिकारी अशोक भरतवाल ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय आवास एवं शहरी, गरीबी उन्मूलन मंत्रालय के ज्वांइट सेकेट्ररी बीके मोहंती, सिंचाई मंत्री की माताजी शांति देवी, एसपी राम सिंह बिश्नोई, एडीसी, एएसपी वेदप्रकाश गोदारा, सीटीएम सुभिता ढाका, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जसवंत सिंह, सीएमओ रामचंद्र, नप प्रधान विजय राव, हीरालाल, सैनी समाज के प्रधान व पार्षद चेतराम सैनी, यादराम यादव, नप उपाध्यक्ष संजय मलिक, पार्षद पवन बठला, प्रदीप यादव, बलजीत कांग्रेसी नेता विजय सैनी, कांग्रेस महिला कांग्रेस की जिला प्रधान शकुंतला भांडोरिया, सुनील राव एडवोकेट समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे। इसके बाद कुमारी शैलजा ने गरीब महिलाओं को सिलाई मशीनें वितरित कीं।