पानीपत. बापौली थाना क्षेत्र में 15 सितंबर को हुई क्रीम व्यापारियों के साथ एक लाख दो हजार रुपए लूट में एक एएसआई व दो अन्य पुलिस कर्मचारियों को आरोपी बनाया गया है। इन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद बापौली पुलिस ने तीन दिन के रिमांड पर लिया है। समालखा के डीएसपी राजीव देशवाल ने बताया कि क्रीम व्यापारी सकील निवासी खुरगना, कैराना व इरफान निवासी मंडावार, कैराना के साथ लूट के मामले में करनाल की पीओ ब्रांच (भगोड़ा घोषित अपराधियों को पकड़ने की सैल) में तैनात एएसआई ओमवीर निवासी हलालपुर छपरौैली, हैड कांस्टेबल ऋषिपाल तगाना छपरौली व हथवाला समालखा के रहने वाले हैड कांस्टेबल प्रदीप के नाम सामने आए हैं।
इस पर इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। मंगलवार को तीनों को कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बताने से बचते रहे थाने के कर्मी मामला पुलिस के जवानों का होने के कारण बापौली थाने का स्टाफ इस बारे में कुछ भी बताने से बचता रहा। जब किसी तरह से मामले का खुलासा हो गया तो पुलिस के जवान यह कहने लगे कि यह लिखना जरूरी है कि ये पुलिस में तैनात थे। दरअसल उन्हें अपनी छवि खराब होने का डर सता रहा था। उनका कहना था कि जब लोगों को पता चलेगा कि लूट पुलिस के जवानों ने की है तो उनका पुलिस पर से विश्वास कम हो जाएगा।