News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मोगली महोत्सव के बारे में छात्राओं को अवगत कराने के लिए शासकीय एमएलबी कन्या विद्यालय मुरार में सेमीनार आयोजित किया गया,जिसमें मोगली महोत्सव के बारे में छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान मास्टर ट्रेनर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आईए जैदी जिला नोडल आफीसर ईको क्लब थे। अध्यक्षता स्कूल की प्राचार्य माला बैनर्जी ने की। विशिष्ट अतिथि व्याख्याता उत्कृष्ट विद्यालय व मोगली महोत्सव के मास्टर ट्रेनर प्रबुद्ध गर्ग थे। कार्यक्रम का शुभारम्भ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद स्कूली बालिकाओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। तदुपरांत अतिथियों का स्वागत ईको क्लब की सचिव सपना कौशिक, पुष्पा कटारे, मोनिका, श्वेता जैन,वंदना शर्मा, कार्यक्रम प्रभारी मंजू अग्रवाल ने किया। स्वागत गीत संगीत शिक्षक वासुदेव शर्मा एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया।
तत्पश्चात विद्यालय प्राचार्य माला बैनर्जी द्वारा ईको क्लब छात्र संघ की पदाधिकारियों और पौधे गोद लेने वाली छात्राओं को शपथ दिलाते हुए कहा कि पौधरोपण करने के साथ-साथ उन्हें समर्पित भाव से बड़ा करने की जिम्मेदारी भी क्लब की सदस्यों को उठानी चाहिए।
आईए जैदी ने ईको क्लब की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ईको क्लब के गठन का उद्देश्य छात्र-छात्राओं का सर्वागीण विकास करना है। मोगली महोत्सव में बीते साल भाग ले चुके छात्र प्रगल्ब गर्ग ने अपने अनुभव बताये। कार्यक्रम का संचालन मीरा सिंह ने तथा आभार मंजू अग्रवाल ने व्यक्त किया।
ईको क्लब प्रभारी मंजू अग्रवाल ने बताया कि मोगली महोत्सव के लिए 27 सितम्बर से सभी माध्यमिक और हाईस्कूल विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता होगी। यह प्रतियोगिता पर्यावरण से संबंधित विषयों पर आधारित हेागी। विद्यालय स्तर पर प्रथम आने वाले बच्चों की ब्लॉक स्तर पर दो अक्टूबर को लिखित प्रश्नोत्तरी परीक्षा होगी। इसके बाद मौखिक प्रतियोगिता जिला स्तर पर होगी,इसमें चार बच्चों का चयन प्रदेश स्तर के लिए किया जाएगा।