HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

रिमझिम बारिश में भीगा तन-मन

ग्वालियर. weather महज दो दिन पहले ग्वालियराइट्स के लिए सितमगर बना सितम्बर का महीना सोमवार शाम को अचानक मेहरबान हो गया। मंगलवार को तो भगवान भास्कर छुट्टी के मूड में रहे। सुबह से हो रही रिमझिम बारिश जब दोपहर में अपने शबाव पर आई तो स्टूडेंट क्लास बंक करके,प्रोफेशनल्स दफ्तर से छुट्टी लेकर और व्यवसायी दुकानें बंदकर निकल लिए मौसम का आनंद उठाने।

बारिश के दौरान सबसे ज्यादा हैप्पनिंग प्लेस ग्वालियर फोर्ट रहा। ग्रुप के साथ बारिश का मजा लेने पहुंचे स्टूडेंट फुल मस्ती में दिखाई दिए। इस मौसम में सिटी भास्कर टीम कहां आफिस में बैठने वाली थी। वह भी अपने फोटोग्राफर केसाथ निकल पड़ी ऐसे स्थानों पर जहां शहरवासी बड़े दिनों के बाद आई बारिश का लुत्फ लेने पहुंचे थे। यहां पहुंचकर हमारी टीम ने अपने रीडर्स से जाना कि बारिश को लेकर क्या कहता है उनका दिल।

आज मौसम बड़ा बेईमान है.
जब मौसम ने इंज्वाय करने का इशारा कर ही दिया हो तो फिर कालेज की दीवार भी मायने नहीं रखती। कुछ ऐसा ही मानना था मौसम का मजा लेने निकले एक फ्रेंड््स ग्रुप का। बीई स्टूडेंट अनुज, अंकित, अभिनव, ब्रजेंद्र, विजय और शुभम ने बारिश में भीगकर खूब इंज्वाय किया।

उनका कहना है कि वास्तव में आज मौसम ने कमाल कर दिया, इतने दिनों बाद बारिश होना अच्छा लग रहा है। दिल से इंज्वाय कर रहा यह ग्रुप अपने आप को गाने से भी नहीं रोक पाया और मुंह से निकल ही पड़ा ‘आज मौसम बड़ा बेईमान है.’

मौका भी था और दस्तूर भी
रिमझिम फुहारों का मजा सिर्फ कालेज स्टूडेंट ने ही नहीं बल्कि भविष्य के डाक्टरों ने भी लिया। पिकनिक के मूड से किला घूमने पहुंचे मेडिकल छात्र संदीप रॉय, अनुराग सिंह और टेमजेन ने फुहारों का भरपूर मजा लिया। संदीप कहते हैं कि दिन में जब ड््यूटी से फ्री हुई तो रिमझिम बारिश देखकर मन घूमने का हो गया तो फुहारों में भीगे शहर को देखने के लिए हम जा पहुंचे किले पर, जहां बहुत अच्छा अनुभव हुआ।

प्लान तो पहले ही बना लिया था
‘सोमवार की शाम अचानक हुई बारिश को देखकर ही हमने प्लानिंग कर ली थी कि अगर दूसरे दिन बारिश हुई तो पिकनिक पर जरूर जाएंगे।’ यह कहना था हरीश कालानी और उनके परिवार का, जो रिमझिम बारिश के हर पल को इंज्वाय कर रहे थे। वे कहते हैं इतने दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी ने बेचैन कर रखा था जब अचानक इतना अच्छा मौसम हो गया तो फिर मौका हाथ से कैसे जाने देते, आज तो फुल इंज्वाय करेंगे।

सड़कों पर निकली युवाओं की टोली
बारिश का मौका और गाड़ी पर सवार युवाओं की मदमस्त टोली, जो पूरी मस्ती के मूड में सड़कों पर घूमती नजर आई । बारिश जब अपने पूरे शबाब पर थी तब युवा अपनी गाड़ी निकाल घूमने निकल दिए। बारिश में भीगते हुए पूरे शहर का राउण्ड लिया। युवतियां भी बारिश का आनंद उठाने में पीछे नहीं रहीं, कुछ गाड़ी निकाल किसी न किसी जरूरी काम से बाहर निकल लीं तो कुछ बालकनी में खड़ी हो, जीभर भीगीं।

भगवान भास्कर रहे छुट्टी पर
भादौं के अंतिम पखवाड़े में इन्द्रदेव की मेहरबानी ने जनमानस के चेहरे पर प्रसन्नता ला दी। सोमवार की शाम से मंगलवार की शाम तक घने बादल छाए रहने और अनवरत फुहारें पड़ने से गत रोज की अपेक्षा तापमान 10 डिग्री लुढ़क गया और वातावरण में ठंडक घुल गई। इससे उमस और सूर्य की तपिश से काफी राहत मिली है।

पिछले 24 घंटे में कुल 8.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर और आस-पास के क्षेत्रों में अति कम दबाव का क्षेत्र निर्मित होने से मौसम में यह तब्दीली आई है। इसके चलते आगामी 24 घंटों में अंचल में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को सुबह से दोपहर तक हवा भी चली जिससे ठंडक में और बढ़ोतरी हुई।

मौसम की इस करवट से तापमान गत रोज की अपेक्षा 10 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री था जबकि मंगलवार को यह 24 डिग्री रह गया। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री दर्ज किया गया। गत रोज न्यूनततम तापमान 25.6 डिग्री रहा था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: