HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सीएम ने कवर्धा के लिए खोला खजाना

रायपुर. डा. रमन सिंह कवर्धा पर मेहरबान हो गए हैं। उन्होंने आज जिले के बड़े हिस्से का दौरा किया। गांव-गांव में स्कूल, छात्रावास और कालेज का उद्घाटन किया तथा कई नई घोषणाएं भी कीं।

डा. सिंह की गृह जिले में की गई इस कसरत को चुनावी तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। वे कवर्धा से दो बार विधायक रहे हैं। वर्तमान में यह सीट कांग्रेस के पास है। मुख्यमंत्री आज सुबह पीएचई मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री मेघाराम साहू व भंडार निगम के अध्यक्ष डा. सियाराम साहू के साथ कवर्धा रवाना हुए।

उनका हेलिकाप्टर कवर्धा जिले के सारंगपुर में उतरा। वहां उन्होने हाईस्कूल भवन का उद्घाटन किया। यह स्कूल एकात्म मानववाद के प्रवर्तक पं. दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखा गया है। वहां की जनपद पंचायत ने विकास कार्यो से संबंधित एक दर्जन मांगें रखीं जिसे उन्होंने फौरन स्वीकार कर लिया।

सारंगपुर के ग्रामीणों को खुश करने के बाद वे बोड़ला पहुंचे। वहां उन्होंने किसानों को एक करोड़ रुपए से ज्यादा का अनुदान बांटा। स्कूल, छात्रावास व कालेज समेत कई योजनाओं का शिलान्यास किया। बोड़ला में भारी भीड़ जुटी। कार्यक्रम स्थल पर कृषि मेला भी लगा था।

कवर्धा में मुख्यमंत्री ने कृषि महाविद्यालय व अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन किया। वहां कचहरी भवन के एक हिस्से की मरम्मत कर कालेज खोला गया है। डा. सिंह ने कहा कि कभी वे इसी जगह अपने खिलाफ पेशी में आया करते थे। पुकार लगती थी, डा. रमन सिंह हाजिर हों।

शहर को पीने का पानी
उन्होंने कवर्धा में ही 15 करोड़ की जल आवर्धन योजना का शिलान्यास किया। आने वाले कुछ सालों में इस योजना के जरिए कवर्धा की बड़ी आबादी के लिए पीने के पानी का इंतजाम हो जाएगा। इसके अलावा उन्होंने सैकड़ों स्कूली छात्राओं को साइकिलें बांटीं तथा चार सिंचाई योजनाओं की शुरुआत की।

साल-सरई से कोसा
बोड़ला में डा. रमन सिंह ने साल से कोसा बनाने की अनोखी योजना को हरीझंडी दी। वे इस मामले में कलेक्टर सोनमणी बोरा की पीठ थपथपाने से भी नहीं चुके। मुख्यमंत्री ने बताया कि बस्तर के बाद कवर्धा में साल से कोसा बनाने की योजना शुरु की गई है। इस योजना में 10 हजार से ज्यादा आदिवासी परिवारों को रोजगार मिलेगा।

गरीबों का चावल खाने वालों को जेल भिजवाएं
डा. रमन सिंह ने खाद्यान्न योजनाओं का चावल हर गरीब परिवार तक पहुंचाने का आव्हान किया। उन्होंने कहा कि सरकार 11 रुपए का चावल तीन रुपए में दे रही है। गरीबों का चावल खाने वालों की पहचान करें और जेल भिजवाएं।

बिजली कटौती पर सफाई
मुख्यमंत्री को अपनी सभाओं में बिजली संकट पर सफाई देनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बिजली कटौती से प्रदेश को जल्द ही मुक्ति मिल जाएगी। प्रदेश में दीपावली के बाद इतनी बिजली होगी कि 30 साल तक कम नहीं पड़ेगी।

गुड़ बनाने पर रोक हटी
मुख्यमंत्री ने गन्ने की बंपर फसल को देखते हुए गुड़ बनाने ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। उन्होंने गुड़ बनाने पर प्रतिबंध हटाने की घोषणा की और कहा कि कोई भी परेशान नहीं करेगा। सरकार गुड़ बनाने के लिए बिजली कनेक्शन सबसे पहले देगी।

वनवासियों को पट्टा
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने कहा कि 2005 तक के काबिज वनवासियों को सरकार ने जमीन का पट्टा देने का फैसला लिया है। हर गांव में ग्राम पंचायत ही सूची तैयार करेगी ताकि कोई गरीब छूट ना जाए। ग्राम सभा की बैठकों में राजस्व व वन विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। वनवासी कई साल से पट्टा देने की मांग कर रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: