News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
दो दिनों से भारी वर्षा के कारण हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर टिकियापारा स्टेशन के पास ट्रैक का लंबा हिस्सा पानी में डूब गया। इस वजह से ट्रेनें जहां थीं, वहीं रोक दी गईं। हावड़ा से चलने वाली और वहां जाने वाली दर्जनों ट्रेनें रास्ते में फंसी रहीं।
ट्रैक से पानी उतरने के बाद आवागमन शुरू हुआ। तब तक ट्रेनें घंटों लेट हो चुकी थीं। इसके असर से हावड़ा से सोमवार को निकली ट्रेनें मंगलवार को 10-18 घंटे देरी से रायपुर आईं। लेटलतीफी में सुधार के लिए हावड़ा-अहमदाबाद को आज हावड़ा से कैंसल कर दिया गया। बुधवार को यह ट्रेन रायपुर नहीं आएगी।
ट्रेनों की अनिश्चितकालीन देरी से स्टेशन पर अफरातफरी मची रही। रात और सुबह की ट्रेनें शाम तक नहीं आईं। इसके इंतजार में सैकड़ों यात्री दिनभर परेशान हुए। यात्रियों को लेने आए परिजन भी प्लेटफार्म पर भटकते रहे। रेलवे प्रवक्ता एके जायसवाल ने बताया कि हावड़ा से रायपुर के लिए निकली हावड़ा-मुंबई गीतांजलि सुपरफास्ट रास्ते में रूकी रही। यह ट्रेन 14 घंटे देरी से आई।
हावड़ा-मुंबई मेल सुपरफास्ट छह घंटे लेट रही। सुबह 10.45 बजे आने वाली हावड़ा-पुणो आजादहिंद सुपरफास्ट 12 घंट लेट होकर देर रात स्टेशन पहुंची। दोपहर 1.30 बजे आने वाली हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट को 15 घंटे लेट बताया गया। इसके बुधवार तक आने की सूचना दी गई। हावड़ा-मुंबई ज्ञानेश्वरी सुपर डीलक्स 16 घंटे लेट बताई गई। दोपहर 12.30 बजे आने वाली यह ट्रेन बुधवार को सुबह तक पहुंचेगी।
श्री जायसवाल ने बताया कि मंगलवार को सुबह हावड़ा से छूटने वाली गीतांजलि सुपरफास्ट और हावड़ा-मुंबई मेल सुपरफास्ट तीन घंटे देरी से छोड़ी गईं। 15 घंटे लेट चल रही हावड़ा-अहमदाबाद सुपरफास्ट को रैक नहीं होने के कारण मंगलवार को हावड़ा से कैंसल कर दिया गया।
वेटिंग हाल पैक
सेकंड क्लास वेटिंग हाल के साथ महिलाओं के लिए आरक्षित और उच्च श्रेणी के वेटिंग हाल दिनभर पैक रहे। प्लेटफार्म के अलावा स्टेशन में जहां भी जगह थी, वहां लोग जमे रहे। रात और सुबह की ट्रेन के लिए आए सैकड़ों यात्री आधी रात तक ट्रेनों का इंतजार करते रहे। महिलाओं और छोटे बच्चों का खासी मुसीबतों का सामना करना पड़ा।
हजार टिकटें कैंसल
अहमदाबाद के कैंसल होने की सूचना मिलने के बाद बुधवार के लिए रायपुर से इस ट्रेन की टिकटें कैंसल होना शुरू हो गईं। ज्यादातर यात्रियों ने तो दूसरी ट्रेनों में टिकटें बनवाईं, लेकिन बहुत से लोगों ने यात्रा भी रद्द कर दी। अफसरों ने बताया कि अहमदाबाद के अलावा 10-17 घंटे लेट आ रही ट्रेनों के भी 300-400 यात्रियों ने अपनी टिकटें कैंसल करवाई हैं।
इंक्वायरी फिर लेट
स्टेशन के इंक्वायरी केंद्र से आज भी अपटूडेट जानकारी नहीं मिल सकी। आधी-अधूरी जानकारी की वजह से भी मुसाफिर दिनभर स्टेशन में भटकते रहे। जिन ट्रेनों को दो-चार घंटा लेट बताया गया, वह 10-15 घंटे लेट हुईं।