HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

राय आरआरबी के पहले चेयरमैन

बिलासपुर. संसद सत्र के दौरान रेलमंत्री लालू यादव के द्वारा मार्च माह में की गई घोषणा के 6 माह बाद रेलवे भर्ती बोर्ड के पहले चेयरमैन की घोषणा कर दी गई। मुख्य विद्युत अभियंता निर्माण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे आरके राय को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस आशय का आदेश रेलवे बोर्ड ने जारी कर दिया है।

रेलवे जोन की घोषणा के साथ ही बिलासपुर में रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) की मांग भी उठने लगी थी। इसकी स्थापना के चार साल बाद बीते मार्च में रेल मंत्री लालू यादव ने संसद सत्र में बिलासपुर में आरआरबी खोले जाने की घोषणा की थी।

इसकी घोषणा के साथ ही राजनैतिक श्रेय लूटने का खेल भी जमकर चला था। आरआरबी की घोषणा के बाद से ही नए चेयरमैन के नाम तय होने का इंतजार किया जा रहा था।

25 सितंबर को रेलवे बोर्ड नई दिल्ली ने रेल मंत्री श्री यादव के आदेश पर यह नाम तय कर दिया है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य विद्युत अभियंता निर्माण श्री राय को नया चेयरमैन बनाया गया है। जल्द ही वे अपना काम संभाल लेंगे।

मंगलवार को ही रेलवे बोर्ड से यह आदेश जोनल मुख्यालय में पहुंचा। चेयरमैन की नियुक्ति के बाद अब आरआरबी प्रारंभ करने की प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। चेयरमैन श्री राय आरआरबी के कार्यालय के लिए भवन और मातहत कर्मचारियों-अधिकारियों की व्यवस्था बनाएंगे।

कब-कब हुई घोषणा
0 मार्च में रेल मंत्री श्री यादव ने संसद सत्र में बिलासपुर में आरआरबी खोले जाने की घोषणा की।
0 22 मई को आरआरबी बिलासपुर को कार्यक्षेत्र तय किया गया।
0 25 सितंबर को पहले चेयरमैन के रूप में श्री राय का नाम तय।

आरआरबी बिलासपुर का कार्यक्षेत्र
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोनल मुख्यालय, बिलासपुर, रायपुर व नागपुर मंडल व मध्य रेलवे का नागपुर मंडल आरआरबी बिलासपुर का कार्यक्षेत्र होगा। यह जोन के अधीन काम करेगा और नियमों, नीति निर्देशों व कार्यो का पुनरावलोकन सीधे रेल भर्ती कंट्रोल बोर्ड के अधीन होगा।

16 अन्य पद स्वीकृत
चेयरमैन के अलावा इनके अधीन अधिकारी वर्ग में एक सचिव, कर्मचारी वर्ग में ग्रुप सी के 9 कर्मचारी और ग्रुप डी के 6 कर्मचारियों के पद स्वीकृत किए गए हैं।

भर्ती शुरू करने में साल भर और..
आरआरबी के चेयरमैन की घोषणा के बाद अभी इसे अपना काम शुरू करने में लगभग एक साल का समय लग सकता है। बोर्ड के कार्यालय के लिए नया भवन और कर्मचारियों की व्यवस्था हो जाने के बाद इसके कार्यक्षेत्र में आने वाले सभी मंडलों से रिक्त पदों की जानकारी मंगाई जाएगी, फिर कहीं जाकर भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: