मुंबई: ट्वंटी20 विश्वकप जीतकर स्वदेश लौटी भारतीय टीम पर उपहारों और पुरस्कारों की चौतरफा बौछार हो रही है। सांताक्लॉज बने बीसीसीआई ने वानखेड़े स्टेडियम
में आयोजित प्रमुख स्वागत समारोह में टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 80-80 लाख रुपए का पुरस्कार दिया। स्पर्धा में एक ओवर में छह छक्के मारने वाले युवराज सिंह को अलग से एक करोड़ रुपए का पुरस्कार दिया गया। बोर्ड के उपाध्यक्ष ललित मोदी ने उन्हें अलग से एक पॉर्स स्पोर्टस कार भेंट की।
महाराष्ट्र सरकार ने भी इस अवसर पर टीम को एक ट्रॉफी भेंट की। यह स्वागत समारोह उसके और बोर्ड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया था। स्पर्धा में गेंद से यादगार प्रदर्शन करने वाले आरपी सिंह को नियो स्पोर्टस ने एक मर्सिडिज कार गिफ्टी की, बोर्ड ने टीम के सपोर्टिग स्टॉफ के हर सदस्य को भी 15-15लाख रुपए भेंट किए।
बीसीए पठान बंधुओं को सम्मानित करेगी: बड़ौदा क्रिकेट ऐसोसिएशन(बीसीए) ने ट्वंटी20 विश्वकप विजेता टीम के सदस्य रहे इरफान और यूसुफ पठान को 11
-11 लाख रुपए का पुरस्कार देने की घोषणा की है। हालांकि गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी ने अभी तक किसी पुरस्कार की घोषणा नहीं की है। बीसीए के प्रमुख संजय पटेल ने कहा कि दोनों पठान बंधुओं ने इस ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाई है। इरफान ने फाइनल में मलिक,आफरीदी और अराफात के अहम विकेट लिए।
कांग्रेस ने आश्चर्य जताया: कांग्रेस नेता नाफिला कापड़िया ने इस बात पर आश्चर्य जताया कि गुजरात की मोदी सरकार ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले वडोदरा के इन नामी खिलाड़ियों के लिए अभी तक किसी पुरस्कार की घोषणा नहीं की है, जबकि देश के दूसरे राज्यों के खिलाड़ियों के लिए वहां की सरकारें पहले ही बड़े पुरस्कारों की घोषणा कर चुकी है।