नई दिल्ली: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया में सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। उन्होंने एनआरआई लक्ष्मी मित्तल को भी पीछे छोड़ दिया है। शेयर बाजार तेजी के कारण अंबानी की संपत्ति 50 अरब डॉलर हो गई है। लक्ष्मी मित्तल की कुल संपत्ति 48.4 अरब डॉलर है। मुकेश अंबानी 50 अरब डॉलर या इससे ज्यादा दौलत वाले दुनिया के चौथे व्यक्ति बन गए हैं। दुनिया में बिल गेट्स, कालरेस स्लिम और वारेन बफे ही मुकेश अंबानी से आगे हैं।
अंबानी बनाम मित्तल: रिलायंस इंडस्ट्रीज, रिलायंस पेट्रोलियम, आईपीसीएल और रिलायंस इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर में मुकेश अंबानी की हिस्सेदारी जोड़ दी जाए तो उनकी संपत्ति 50.1 अरब डॉलर (2000 खरब रुपए) हो जाती है। इन चारों कंपनियों का बाजार मूल्य 4,09, 325 करोड़ रुपए है।
आर्सेलर मित्तल में मित्तल की हिस्सेदारी 48.4 अरब डॉलर है। आर्सेलर मित्तल में मित्तल परिवार की हिस्सेदारी 44.79 फीसदी है और उसका शेयर भाव 55 यूरो (या 77 डॉलर) चल रहा है। इससे कंपनी का मार्केट कैप 108 अरब डॉलर होता है।
मार्च में फोब्र्स की सूची में मित्तल 32 अरब डॉलर के साथ पांचवें स्थान पर थे। मुकेश अंबानी 20.1 अरब डॉलर के साथ 14वें स्थान पर थे। उसके बाद मित्तल की दौलत 53 फीसदी बढ़ चुकी है। अंबानी की दौलत 160 फीसदी गति से बढ़ी। दिलचस्प बात यह है कि जहां आर्सेलर मित्तल का दुनिया में मार्केट कैप 100 अरब डॉलर है, वहीं अंबानी का समूह भी 100 अरब डॉलर का हो गया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज का मार्केट कैप 64 अरब डॉलर से बढ़कर 81 अरब डॉलर हो गया है।
बदली दुनिया(अरब डॉलर)
1. बिल गेट्स 59
2. कालरेस स्लिम 59
3. वारेन बफे 52
4. मुकेश अंबानी 50.1