नई दिल्ली: प्रधानमंत्री डॉ.मनमोहन सिंह और सदाबाहर फिल्म अभिनेता देवानंद ने अपना-अपना जन्मदिन कुछ अलग ही अंदाज में मनाया। इस अवसर पर मनमोहन ने देवानंद की आत्मकथा इम्मार्टल का विमोचन किया। अपने पांच दशक लंबे फिल्म कैरियर में देव ने सुरैया,वहीदा रहमान से लेकर मधुबाला और जीनत अमान तक सभी प्रमुख अभिनेत्रियों के साथ अभिनय किया।
बुधवार को प्रधानमंत्री 75 साल के हो गए हैं, वहीं देवानंद अपना 84 वां जन्मदिन मना रहे हैं। मनमोहन ने देवानंद के पूरे फिल्मी सफर को उन्हीं की फिल्म के एक गाने मैं जिंदगी का साथ निभाता चला गया,हर फिक्र को धुंए में उड़ाता चला गया में समेटा।
इस कार्यक्रम में यूपीए प्रमुख श्रीमती सोनिया गांधी भी उपस्थित थीं। देव ने उन्हें और पीएम को देश को तरक्की के आसमान पर ले जाने के लिए धन्यवाद दिया। अपनी किताब के टाइटिल रोमांसिंग इन लाइफ पर देव ने कहा कि एक सामान्य बालक से इस मुकाम तक पहुंचने की उनकी पूरी 62 साल की दास्तां इस किताब में है। उनका संघर्ष, उनकी उपलब्धियां और नाकामी सबकुछ उन्होंने इसमें बयां किया है।
आकर्षक जैकेट और पेंट में कार्यक्रम में आए देव ने कहा कि यह किताब उन लोगों के नाम है, जिन्होंने उनका यह जीवन उन्हें भेंट किया। अब वे उन्हें ही यह लौटा रहे हैं। देव ने अपने बचपन को याद करते हुए कहा कि देश के बटवारे के कारण उन्हें काफी अभाव का सामना करना पड़ा। हालांकि इसका उनके व्यक्तित्व पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा, बल्कि वे और दृढ़ होकर सामने आए।