ब्यावरा. मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे अज्ञात लुटेरों ने हाईवे क्र. 12 पर ब्यावरा-राजगढ़ रोड स्थित पीपलवे आश्रम के पास भोपाल-जयपुर बस के यात्रियों के साथ मारपीट कर करीब तीन लाख रु. का सामान लूट लिया। राजस्थान परिवहन निगम की यह बस भोपाल से जयपुर की ओर जा रही थी। लुटेरों ने हाईवे पर रांपी गाड़ दी थी, जिससे बस के अगले और पिछले टायर पंक्चर हो गए। जैसे ही बस ड्राइवर नीचे उतरा वैसे ही खेतों में घात लगाए बैठे 810 लुटेरों ने दौड़कर ड्राइवर के साथ मारपीट कर दी।
सभी 20 यात्रियों को भी नीचे उतारकर उनके साथ मारपीट कर सामान लूट लिया। कुछ यात्रियों ने डरकर स्वयं ही जेवर उतारकर दे दिए, फिर भी उनके साथ मारपीट की। लुटेरों ने इनसे मोबाइल, हाथ घड़ी, बैग, सूटकेस, जेवर और नकदी रुपए छीन लिए।
यात्रियों ने बताया कि बदमाश चड्डी-बनियान पहने हुए थे। सभी ने मुंह पर कपड़ा लपेट रखा था और जान से मारने की धमकी भी दे रहे थे। बस आरजे 26 पीओ 0010 में सवार यात्रियों में राजगढ़ के हरिशचंद्र, भोजपुर के मोखासी जाटव, वावड़ीखेड़ा के शिवसिंह सौंध्या, जीरापुर के इंदर सिंह सौध्या, झालावाड़ के रामचंद्र गुप्ता, ब्यावरा के हरीश गुप्ता, राजगढ़ से गोपाल जोशी, बांगपुरा माचलपुर के श्यामबाई पति इंदर सिंह सौंध्या, पचोर लसुड़िया जागीर के महंेद्र सेन, पुष्पाबाई पति महेंद्र सेन, राजगढ़ के लक्ष्मीचंद भंडारी, बंठरलाल भंडारी, कोहेफिजा भोपाल के लक्ष्मीनारायण गुप्ता, सीकर राजस्थान के शिवनारायण पुत्र रामचंद्र, उड़ीसा के पुरी थाने के वफीना नायक, विदिशा के गुलाबसिंह पाल, कोटा के सुरेश लोधी, टोंक राजस्थान के रामप्रसाद साहू, देवली राजस्थान के छीतरमल, अमृत पुत्र मांगीलाल आदि शामिल हैं। इनसे नकदी सहित करीब तीन लाख रुपए का सामान लुटेरे लूट ले गए हैं। खबर लगते ही पुलिस इनकी खोज में निकल पड़ी, लेकिन अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
खिलचीपुर से मिली सूचना:ब्यावरा सहित अन्य थानों के आपातकालीन नंबर खराब होने से इतनी बड़ी घटनाओं की सूचना जनता पुलिस तक नहीं पहुंचा पाती है। लूटपाट की यह खबर खिलचीपुर के एक यात्री ने उस थाने को दी। जहां से फिर राजगढ़ के माध्यम से कालीपीठ और ब्यावरा थानों को खबर की गई। घटना के तीन घंटे बाद पुलिस सक्रिय हो सकी। पुलिस को घटनास्थल से तीन मोबाइल, 2 बैग, 2 सूटकेस मिले हैं।
पुलिस ने बताया कि पांच यात्रियों को ही गंभीर चोट लगी है। पुलिस ने धारा 395 के तहत लूट का मामला अज्ञात लुटेरों के विरुद्ध दर्ज कर लिया है।