जयपुर. दूरसंचार क्षेत्र में जारी विलय और अधिग्रहण का असर अब राजस्थान में भी दिखाई देने लगा है। प्रदेश के 125 शहरों में रेनबो ब्रांड नाम से दूरसंचार सेवाएं दे रही श्याम टेलीलिंक लिमिटेड में रूस की सिस्टमा कंपनी ने 1.14 करोड़ डॉलर (लगभग 42 करोड़ रुपए) में 10 प्रतिशत इक्विटी खरीद ली है। सरकारी मंजूरी मिलने के बाद रूसी कंपनी इस हिस्सेदारी को बढ़ाकर पहले 51 प्रतिशत और फिर 74 प्रतिशत तक ले जाएगी, शेष हिस्सा श्याम टेलीलिंक का रहेगा। इक्विटी खरीद समझौते पर नई दिल्ली में हस्ताक्षर हुए।
350 करोड़ तक जा सकता है सौदा: यदि 10 प्रतिशत इक्विटी की राशि को आधार माना जाए तो रूसी कंपनी को 51 प्रतिशत इक्विटी के लिए 215 करोड़ रुपए और 74 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए लगभग 350 करोड़ रुपए चुकाने होंगे। वैसे, इस बारे में कंपनी की ओर आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।
देशभर में देगी सेवाएं: रूसी कंपनी ने पूरे देश में यूनिफाइड सेवाएं प्रदान करने के लिए जरूरी लाइसेंस का आवेदन भी कर दिया है। स्पैक्ट्रम आवंटित होने के साथ 10 माह के भीतर यह पूरे देश में मोबाइल और लैंडलाइन फोन सेवाएं दे सकेगी। अभी श्याम टेलीलिंक राज्य में डब्ल्यूएलएल तकनीक आधारित सेवाएं दे रही है।
क्या है सिस्टमा: सिस्टमा जेएसएफसी कंपनी रूस और सीआईएस देशों में निजी क्षेत्र की सबसे बड़ी कंपनी है, जिसके ग्राहकों की संख्या आठ करोड़ से अधिक है। 1993 में गठित यह कंपनी दूरसंचार के साथ ही रीयल एस्टेट, रिटेल, फाइनेंस, मास मीडिया और पेट्रोलियम क्षेत्र में काम कर रही है।
* यह पहला अवसर होगा, जब कोई रूसी कंपनी भारतीय दूरसंचार क्षेत्र में अपना कदम रखने जा रही है। अब विश्व स्तरीय सेवाओं का दौर आ गया है।
-राजीव मेहरोत्रा, चेयरमैन, श्याम समूह