एजवाटर (शिकागो). प्रायोजित डकैती के जरिए बीमा कंपनी से ढाई लाख डॉलर का क्लेम हथियाने की साजिश रचने के आरोप में जयपुर के एक ज्वैलर विशाल ढढ्ढ़ा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसे 10 साल तक की जेल हो सकती है। विशाल की जयपुर में जौहरी बाजार स्थित रामलाल का रास्ता में दुकान है। एजवाटर स्थित जेम सिटी ज्वैलरी के मालिक विशाल (37) ने प्रायोजित डकैती के लिए जिस व्यक्ति को चुना, दुर्भाग्य से वह एफबीआई का एजेंट था।
ढढ्ढ़ा ने एजेंट को योजना समझा दी कि उसे सार्वजनिक स्थान से हीरों से भरी थैली उससे लूटनी है। साथ ही इस घटना के लिए किराए का गवाह का काम भी उसे सौंपा गया। दोनों काम का सौदा पांच हजार डॉलर में तय हुआ। एफबीआई एजेंट ने सूचना ऊपर पहुंचा दी और स्टिंग ऑपरेशन के जरिए 16 अगस्त को दोपहर में ड्रामा रचा गया।
यूनियन काउंटी प्रोसीक्यूटर थियोडोर जे रोमनकाउ ने बताया कि योजना के अनुसार ढढ्ढ़ा को एक मॉल की पार्किग में अपनी कार के बाहर खड़ा होकर इंतजार करना था। कुछ मिनटों बाद ‘चोर’ को कार से हीरे, एमरल्ड और सफायर से भरी थैली निकालकर फरार होना गया। कुछ देर बाद ही ढढ्ढ़ा ने खुद के लुट जाने की बात कही। साथ ही उसने डकैती की गवाह भी उसके साथ होने की बात कही। थोड़ी ही देर में पुलिस आ गई। ढढ्ढ़ा को पुलिस मुख्यालय ले जाया गया जहां उसने डकैती का पूरा हिसाब-किताब रखा। अगले ही दिन ढढ्ढा ने बीमा कंपनी में प्रत्येक हीरे, एमरल्ड और सफायर की डिटेल लिस्ट के साथ 258, 545 लाख डॉलर का क्लेम पेश कर दिया।
यहां भी होशियारी : ढढ्ढ़ा ने किराए के लुटेरे पर भी विश्वास नहीं किया। जिस एफबीआई एजेंट ने यह पूरा खुलासा किया, उसने बताया कि जिस थैली को वह लेकर भागा था, उसमें हीरे-एमरल्ड की बजाय एक पानी की खाली बोतल निकली।