जयपुर. दो अक्टूबर को गुर्जरों के गिरफ्तारी आंदोलन को देखते हुए सरकार चिंतित है। बुधवार को प्रशासनिक हलकों में दिनभर इस संबंध में कई उच्चस्तरीय बैठकें
हुई। दूसरी ओर गुर्जर आरक्षण संचालन समिति ने दावा किया है कि 2 अक्टूबर को जेल भरो अभियान के तहत प्रदेशभर में साढ़े पांच लाख गुर्जर गिरफ्तारी देंगे।
विधायक प्रहलाद गुंजल ने सरकार को चेताया कि यदि अभियान के तहत गुर्जरों को रोकने की कोशिश की गई तो ‘महाभारत’ छिड़ जाएगी। इस दौरान भी सरकार नहीं चेती तो सभी जिला मुख्यालयों पर 11 अक्टूबर को दो लाख गुर्जर महिलाएं गिरफ्तारी देंगी। उनके साथ किशोर भी शामिल होंगे।
समिति ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन में यह एलान किया। गुंजल ने बताया कि कोर कमेटी की ओर से सात सूत्री मांग-पत्र सरकार को भेजा जा रहा है। यदि सरकार ने उनके पक्ष में फैसला नहीं लिया तो वे जेल से लौटकर घर नहीं जाएंगे।
बाद में जेल भरो अभियान का मोर्चा महिलाएं संभाल लेंगी। सरकार से कहा गया कि वह जेलों में गुर्जरों को राजनीतिक बंदियों को मिलने वाली सभी सुविधाओं का प्रबंध कर ले। जिस दिन जेल का दरवाजा खुलेगा उस दिन या तो चिट्ठी जाएगी या फिर सरकार की दिशा तय हो जाएगी।
अतरसिंह भड़ाना ने कहा कि अब मुद्दा गुर्जरों के आत्मसम्मान से जुड़ गया है। यह देश की आजादी से भी बड़ा अहिंसात्मक आंदोलन होगा। डॉ. विक्रमसिंह, हरिसिंह महुआ, काका देवकी, बच्चूसिंह बैंसला ने भी विचार रखे।
सरकार सौंप दे जेलों का ब्यौरा : समिति ने सरकार को गुरुवार दोपहर तक उन सभी जेलों की सूची सौंपने को कहा है जहां गुर्जरों को रखा जाएगा। समिति ने चेताया है कि उनके साथ अमानवीय व्यवहार नहीं किया जाए और सभी इंतजाम किए जाएं।
फसल काटकर तैयार रहें
गुर्जर नेताओं ने समाज से अपील की है कि सभी एक अक्टूबर तक खेतों से फसल काट लें। अभियान के बाद स्थिति बिगड़ सकती है और संभव है कि उन्हें फसल काटने का समय ही नहीं मिले।
सवाईभोज की आन
समिति ने गुर्जरों को सवाईभोज की आन दी है। प्रदेशभर के गुर्जरों से कहा गया है कि वे हर परिवार से एक या दो की संख्या में गिरफ्तारी देने को तैयार रहें।
बैसला को राजसमंद की कमान
कोर कमेटी ने कर्नल किरोड़ीसिंह बैसला को राजसमंद की कमान सौंपी है। अब बैंसला जेल भरो अभियान के तहत प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में गुर्जरों को जेल भरने के लिए प्रेरित करेंगे। गुर्जर प्रतिनिधियों ने कहा कि अब हर निर्णय पर कोर कमेटी की सामूहिक मुहर लगेगी।
संबंधित खबरें
* जेल भरेंगे गुर्जर
* गुर्जर आंदोलन गोलीकांड की न्यायिक जांच होगी
* धौलपुर में गुर्जर महापंचायत आज
* ‘हर गुर्जर परिवार कुर्बानी को तैयार रहे’
* गुर्जर बोले, हम सबसे पिछड़े