अजमेर. मुख्य डाकघर से पिछले महीने अल्पबचत अभिकर्ता के बैग से 70 हजार रुपए पार करने वाली महिलाओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों
अंतरराज्यीय चोर गिरोह की सदस्य हैं।
कोतवाली पुलिस के अनुसार पूर्व में गिरफ्तार मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के गुलखेड़ी निवासी रामू देवी पत्नी नरपत सांसी और उसकी मौसेरी बहन उजदिया पत्नी रामचंद्र सांसी ने रिमांड के दौरान खुलासा किया कि 31 अगस्त को मुख्य डाकघर में अल्प बचत अभिकर्ता के बैग से रुपए उनके परिवार की कृष्णा पत्नी महाराज सांसी और सविता पत्नी रतन सांसी ने उड़ाए थे। बयान के आधार पर पुलिस ने बुधवार को दोनों अभियुक्त महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। दोनों ने वारदात कबूल कर ली है।
उल्लेखनीय है कि वैशालीनगर में बधिर विद्यालय के पास रहने वाला अल्प बचत एजेंट महावीर प्रसाद जैन बीती 31 अगस्त को ग्राहकों का पैसा जमा कराने के लिए मुख्य डाकघर गया था। वहां काउंटर से किसी ने उसके बैग में रखे 70 हजार रुपए निकाल लिए थे। कोतवाली पुलिस ने महिलाओं से रकम के बारे में पूछताछ की। उनके पतियों की भी तलाश की जा रही है।