बड़ीसादड़ी/चित्तौड़गढ़. डूंगला पुलिस ने मंगलवार शाम आरएसी के एक कांस्टेबल को साढ़े चार किलो अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस से घिरा होने पर इसने देशी कट्टे से फायरिंग भी की। इसके पास सरकारी कारतूस भी मिले हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आलोद गांव में ऊंकार अहीर के खेत के समीप खड़ी कार को घेर लिया। घेराबंदी देखकर कार से उतरे एक युवक ने देशी कट्टे से फायर किया। बाद में उसे पकड़ लिया गया। इसने खुद को आरएसी की नौवीं बटालियन टोंक का कांस्टेबल बताया और फिलहाल अजमेर में नियुक्ति बताई। इसने नाम मोहनदास पुत्र दलपत चारण और नयापुर, जोधपुर का निवासी बताया।
कार की तलाशी में ड्राइवर सीट के नीचे सूटकेस में आरएसी की वर्दी, परिचय-पत्र व कई जिंदा कारतूस मिले। इनमें कई सरकारी थे। पीछे की सीट के नीचे अफीम मिली, जिसका वजन साढ़े चार किलो निकला। आरोपी ने बताया कि अफीम आलोद के छोगालाल पुत्र हीरालाल जाट से एक लाख 90 हजार रुपए में खरीदी है। उसने बताया कि वह आलोद से दो बार अफीम ले जा चुका है। वह इसे जोधपुर में बेचता है। राजस्थान आर्म्स कोर टोंक को इसकी सूचना दे दी गई है। जांच भादसोड़ा थाना प्रभारी बाबूलाल मुरारिया कर रहे हैं।
सरकारी कारतूसों का इस्तेमाल
कार की तलाशी में 303 बोर के छह जिंदा कारतूस, 410 राइफल का एक कारतूस, 12 बोर के दो जिंदा कारतूस, देशी कट्टा और उसमें 12 बोर का खाली खोखा बरामद हुआ। 303 बोर और 410 राइफल के कारतूस पुलिस या सुरक्षाबलों के पास ही मिलते हैं।