राजधानी हरियाणा. हरियाणा की अपनी एक कला परिसर होगा जो हरियाणा कला परिषद के अधीन कुरुक्षेत्र में पवित्र ब्रासरोवर के तट पर स्थापित किया जाएगा। यह जानकारी हरियाणा की मुख्य सचिव प्रमिला ईसर ने मंगलवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरी होने वाली है। इस परियोजना का पहला चरण इस वर्ष नवम्बर 2007 तक पूरा हो जाएगा, जिस पर तीन करोड़ रुपए खर्च होंेगे।
पहले चरण में कला गैलेरी, कांफ्रैंस हाल, कार्यालय क्षेत्र और प्रदर्शनी क्षेत्रों का निर्माण शामिल है और एक ओपन एयर थियेटर के निर्माण का कार्य शामिल होगा, जिसमें 700 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके दूसरे चरण में 400 व्यक्तियों की बैठने की व्यवस्था का एक सभागार, एक सेमीनार हाल, डिस्कशन रूम, कार्यशाला क्षेत्र और सांस्कृतिक गतिविधियों से सम्बन्धित सुविधाओं के लिए क्षेत्र शामिल होगा।
नाबार्ड परियोजनाएं नवंबर तक पूरी होगी ईसर ने कहा कि हरियाणा के लिए नाबार्ड की वर्ष 2008-09 की परियोजनाओं को आगामी नवम्बर तक अंतिम रूप दे दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष के दौरान 267 करोड़ रुपये की परियोजनाएं मंजूर की गई थी, जिनमें से 172 करोड़ रुपये की राशि सिंचाई, लोक निर्माण (भवन एवं सड़कें), जल आपूर्ति, पशुपालन विभागों की परियोजनाओं के लिए प्राप्त हो चुकी है।
मेट्रो का गुड़गांव तक विस्तार एक प्रश्न के उत्तर में ईसर ने कहा कि मेट्रो रेल सेवा का विस्तार गुड़गांव तक 2010 में दिल्ली में होने वाले आगामी राष्ट्रमण्डल खेलों से पहले कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस योजना को शीघ्र पूरा करवाने के सरकार पूरे प्रयास करेगी ताकि गुड़गांव में आवागमन में सुविधा हो।