बहादुरगढ़. गांव बादली में बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोलियों से भून कर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने चार अन्य लोगों पर भी गोलियों से हमला किया, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या के मामले में सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
समाचार लिखे जाने तक इस संदर्भ में कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। पुलिस को दिए बयान में गांव बादली निवासी जसबीर उर्फ बुल्ला पुत्र दयाराम ने बताया है कि बुधवार की सुबह वह यशपाल पुत्र ईश्वर का हालचाल पूछने के लिए जयमीत पुत्र सतपाल व सतपाल पुत्र ओमप्रकाश के साथ उसके घर पर गया था।
लगभग सवा नौ बजे अजीत पुत्र भीम सिंह, प्रवीण पुत्र यादविंद्र, पूर्व सरपंच जयपाल का भतीजा नवीन, मेनपाल पुत्र बलवान, बलवान पुत्र मंगली, अनिल व उसका बड़ा भाई ढाबा पुत्र महासिंह तथा तीन चार अन्य युवक हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे व उन पर अंधाधुंध गोलियों की बौछार कर दी। उसने बताया कि उसने चौबारे की छत पर छिपकर अपनी जान बचाई। जसबीर ने बताया कि हमलावरों द्वारा चलाई गई गोलियों के कारण यशपाल, जयमीत व सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
उसने बताया कि इसके बाद हमलावर सत्ते पुत्र दमयंति के मकान पर गए। जहां उन्होंने सत्ते पर दनादन गोलियों की बौछार की, जिसके कारण सत्ते की मृत्यु हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जसबीर की शिकायत पर सभी हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों गुटों के बीच क्या थी रंजिश पुलिस को दिए बयान में जसबीर ने बताया है कि पूर्व सरपंच जयपाल की हत्या के बाद उसके भाई मेनपाल ने उसके, उसके भाई चीनी, सत्ते पहलवान व 14 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, परंतु तफ्तीश के दौरान सोहनवीर, रोहित, चीनी व विजय ही दोषी पाए गए थे। जसबीर ने बताया कि तफ्तीश के दौरान आरोप मुक्त किए जाने के बाद मेनपाल व उसके साथी उनसे रंजिश रखने लगे थे, जिसके कारण सोमवार को उन पर जानलेवा हमला किया गया।