कराची: ट्वंटी20 विश्वकप के अंतिम तीन मैचों में पाकिस्तान के उप कप्तान सलमान बट को न खिलाया जाना अभी तक पहेली बना हुआ है। अभी तक पीसीबी के अधिकारियों ने भी इसमें कुछ भी कहने से इंकार कर दिया है। अपुष्ट खबरों के अनुसार पाक उप कप्तान को शोएब-आसिफ विवाद पर मीडिया में बयान देना महंगा पड़ गया। इसके चलते उनके खिलाफ हुई एक अनुशासनात्मक कार्यवाही के तहत उन्हें इन मैचांे में नहीं खिलाया गया।
पहले कहा जा रहा था कि सलमान को बल्ले से खराब प्रदर्शन के चलते नहीं खिलाया गया था,लेकिन टीम सूत्रों के अनुसार शोएब विवाद पर बाहर मुह खोलना उन्हें महंगा पड़ा। सूत्रों के अनुसार बट ने स्पर्धा के दौरान एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी टीम को शोएब की जरूरत थी। उनका आसिफ के साथ हुआ विवाद इतना बड़ा मसला नहीं था कि उन्हें बाहर निकाल दिया जाए।
बट के इस बयान से टीम प्रबंधन और पीसीबी दोनों खफा थे। क्योंकि शोएब पर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जा रही है। इसके चलते ही उन्हें वापस स्वदेश भेजा गया था। इसी के चलते टीम में अनुशासन बहाल करने के लिए अनुशासनहीनता के खिलाफ अपनाई जा रही जीरो टोलरेंस नीति चलते उन्हें टीम से बाहर किया गया।