नई दिल्ली: भारत के विद्रोही क्रिकेट लीग आईसीएल ने दावा किया है कि पाकिस्तान के बल्लेबाज मोहम्मद यूसुफ अभी भी उसके साथ हैं। गुरुवार को पीसीबी और यूसुफ स्वयं ने मीडिया को बताया था कि उन्होंने आईसीएल से अपना करार तोड़ लिया है। अब वे पाकिस्तान की ओर से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ प्रारंभ हो रही टेस्ट सीरीज में खेलेंगे।
लेकिन आईसीएल के प्रमोटर जी टेलीफिल्म के एक अधिकारी ने कहा है कि यूसुफ अभी भी आईसीएल के साथ है। हालांकि वे जब चाहें पाकिस्तान की ओर से खेल सकते हैं। जी के कार्यकारी उपाध्यक्ष आशीष कौल ने ने मीडिया को बताया कि उन्होंने यूसुफ को पाक की ओर से खेलने से नहीं रोका। लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उन्होंने लीग से नाता तोड़ लिया है। कौल ने कहा कि वे हाल फिलहाल इतना ही कह सकते हैं कि यूसुफ के साथ करार अभी जारी है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय और पाकिस्तानी क्रिकेट बोर्ड की ओर से कहा गया था कि आईसीएल के लिए खेलने वाले खिलाड़ियों को राष्ट्रीय टीम में स्थान नहीं मिलेगा। पाक की ओर से यृसुफ के साथ इमरान फरहत और ऑल राउंडर अब्दुल रज्जाक ने भी आईसीएल की ओर से खेलने का करार किया है।