News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ शिवपुरी कोतवाली में दर्ज मामले के खिलाफ ग्वालियर-चम्बल अंचल के कांग्रेसियों ने एकजुटता दिखाई। कांग्रेस के आह्वान पर शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया और शिवपुरी जिले के बदरवास व पिछोर कस्बे में बंद पूरी तरह से सफल रहा।
पिछोर में ब्लाक युवक कांग्रेस के अध्यक्ष नीलेश पाराशर को कुछ भाजपाइयों ने गाड़ी से टक्कर मार दी, जिससे उनके हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए शिवपुरी जिला अस्पताल में दाखिल कराया गया है।
शिवपुरी जिले के पिछोर और बदरवास कस्बे में शुक्रवार को कांग्रेसियों के बंद का व्यापक असर रहा। व्यापारियों और दुकानदारों का उन्हें समर्थन हासिल हुआ, जिसके कारण दुकानें शाम तक नहीं खुलीं। पिछोर कस्बे में कांग्रेसियों की भाजपाइयों से झड़पें भी हुईं।
कुछ स्थानों पर पुलिस ने भी बाजार बंद करा रहे लोगों को लाठियों के दम पर खदेड़ा। बदरवास में बंद शांतिपूर्ण रहा। शनिवार को पोहरी, कोलारस, नरवर करैरा आदि कस्बों में बंद का आह्वान किया गया है।
ग्वालियर के कांग्रेसियों का गुस्सा शुक्रवार को बंद के दौरान सड़कों पर झलका। कई स्थानों पर वाहन और दुकानों की तोड़फोड़ की गई। यह सब पुलिस की मौजूदगी में हुआ। चार स्थानों पर पुलिस से भी आक्रोशित कांग्रेसियों की झड़प हुई लेकिन वरिष्ठ नेताओं और पुलिस अफसरों के बीच-बचाव से मामला सुलट गया।
सवारी वाहनों के कांच फोड़ने का सिलसिला जो एक बार शुरू हुआ तो दोपहर तक चलता रहा। कांग्रेसियों ने कई स्थानों पर मुख्यमंत्री के पुतले भी फूंके।
दतिया बंद के दौरान कांग्रेसियों के जत्थे सुबह से ही बाजारों में घूमते रहे। इनके द्वारा दुकानदारों से दुकानें नहीं खोलने का आह्वान किया गया। बंद का व्यापक असर शहर में देखा गया। देर शाम तक दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं।
श्योपुर में आज दोपहर कांग्रेसियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जय स्तंभ चौक पर जब कांग्रेसी मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने लगे, तभी पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीनने का प्रयास किया। पुलिस की इस कार्रवाई से कांग्रेसियों का गुस्सा और भड़क उठा। कांग्रेसी पुलिस से गुत्थमगुत्था हो गए। 29 सितंबर को श्योपुर बंद व विजयपुर बंद का आह्वान किया गया है।
मुरैना शहर समेत अंबाह व बानमोर कस्बे के बाजार बंद रहे। कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री रुस्तम सिंह का पुतला फूंका गया। पुतले फूंकने के बाद कांग्रेसजनों का जुलूस बाजारों को बंद कराता हुआ कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ा।
भिंड शहर में कांग्रेसियों का बंद शांतिपूर्ण रहा। कहीं से किसी अप्रिय घटना का समाचार नहीं है। कांग्रेसियों ने जत्थों ने सुबह से ही बाजारों में पैदल मार्च किया और दुकानदारों से दुकानें बंद रखने का आह्वान किया।
सिंधिया पर दर्ज मामला अभी वापस नहीं: एसपी
शिवपुरी. भले ही कांग्रेसियों ने गुरुवार की शाम हुए चक्काजाम को एसपी डीसी शर्मा के आश्वासन के बाद खत्म कर दिया, लेकिन हकीकत यह है कि अभी तक सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर दर्ज भादंवि 506 बी, 336 का अपराध यथावत है। शिवपुरी एसपी डीसी शर्मा ने ‘भास्कर’ से कहा कि श्री सिंधिया पर दर्ज कराए मामले में बैराड़ थाना प्रभारी से जांच कराई गई है।
इसमें उनके खिलाफ ऐसा कोई साक्ष्य नहीं मिला, जिससे यह प्रमाणित हो कि श्री सिंधिया ने अपराध किया है, लेकिन मैंने किसी भी कांग्रेसी नेता से यह नहीं कहा कि उन पर दर्ज मामला वापस ले लिया गया है।
उन्होंने पोहरी विधायक हरिबल्लभ शुक्ला द्वारा गुंडों द्वारा पुलिस व अन्य वाहनों की तोड़फोड़ की बात को भी सिरे से नकारा और कहा कि चक्काजाम के दौरान ऐसा नहीं हुआ है। केवल ट्रकों के पहियों की हवा निकाली गई है और एक पुलिस वाहन के कांच चटके हैं, लेकिन यह हमले से नहीं हुआ है।