HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

एक करोड़ का गांजा जब्त

धमतरी. पुलिस के क्राइम स्क्वाड दस्ते ने शुक्रवार को गांजे से भरा ट्रक जब्त किया। इसमें करीब 35 क्विंटल गांजा था, जिसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपए है। आंध्रप्रदेश के ट्रक से गांजा उड़ीसा के मलकानगिरी इलाके से होते हुए उप्र भेजा जा रहा था। ट्रक मालिक और चालक फरार हो गए हैं।

पुलिस को दो दिन पहले उड़ीसा या आंध्रप्रदेश से आ रहे एक ट्रक में गांजा होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद शहर के चारों तरफ नाकेबंदी की गई थी। जांच में जब ट्रक नहीं मिला तो पुलिस दस्तों ने आसपास तलाशी शुरू की। शहर से 8 किमी दूर रायपुर रोड पर ग्राम संबलपुर के पास उनको एक लोडेड ट्रक (एपी 35 टी 6075) संदिग्ध हालत में लावारिस खड़ा मिला।

ट्रक के ड्राइवर और क्लीनर के इंतजार में दो दिन तक पुलिस दस्ता सादे कपड़ों में आसपास जमा रहा। वे नहीं आए तो शुक्रवार को पुलिस ने ट्रक जब्त कर अजरुनी थाने में खड़ा कर दिया। ट्रक की तलाशी ली गई तो पुलिस अफसर भौंचक रह गए। ट्रक में 97 बोरियों में गांजा था।

गांजे को पालिथीन की झिल्लियों में अच्छी तरह से पैक किया गया था, ताकि उसकी महक बाहर न निकले। पुलिस के अनुसार जब्त गांजे की कीमत तीन हजार रुपए प्रति किलो है। ट्रक से बरामद माल की बिल्टी में 12 हजार नारियल रायवरम (आंध्रप्रदेश) से गोरखपुर (उप्र) के मंडी मार्केट के लिए भेजे जाने का जिक्र है।

बोरों में नारियल की जगह गांजा भरा गया है। धमतरी के एसपी ओपी पाल का दावा है कि किसी एक ट्रक में इतनी ज्यादा मात्रा में गांजा जब्ती का प्रदेश में यह पहला मामला है। गाड़ी के कुछ और कागजात मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

गांजा किसी एस अपलाचार्य का है और ट्रक चालक सतीश कुमार शर्मा विशाखापट्टनम का रहने वाला है। पुलिस को आशंका है कि इससे पहले भी गांजे की ऐसी खेप गई होगी। श्री पाल ने बताया कि दो महीने पहले भी एक ट्रक गांजा आने की सूचना थी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: